
जमशेदपुर : कदमा के शास्त्रीनगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विद्या विकास समिति, झारखंड के कोल्हान क्षेत्र के सीमांत (ओडिशा, बंगाल से सटे) क्षेत्र के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। बैठक में विद्या विकास समिति, झारखंड प्रदेश एवं बिहार क्षेत्र के सचिव मुकेश नन्दन, प्रदेश सह सचिव अजय तिवारी उपस्थिति थे। उन्होंने प्रधानाचार्यों का मार्गदर्शन किया। बैठक में जमशेदपुर विभाग के प्रवासी कार्यकर्ता पंकज मिश्र भी उपस्थित थे। बैठक में कोविड-19 से उत्पन्न परिस्थितियों पर चर्चा हुई। अजय कुमार तिवारी ने आज की बैठक की भूमिका रखते हुए विषम परिस्थितियों में भी धैर्य पूर्वक अपने कार्य व निष्ठा को मूर्त रूप देते हुए भैया-बहनों के भविष्य को संवारने में लगे रहने के लिए प्रधानचार्य एवं आचार्य के साथ पूरे विद्यालय परिवार की सराहना की। (नीचे भी पढ़ें)
मुकेश नंदन ने सीमांत क्षेत्र के जनजातीय बन्धुओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। जनजातीय समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में समाज को जागरूक करने एवं उनके शिक्षा तथा स्वास्थ्य चिन्ता के लिये उचित एवं सार्थक प्रयास करने के लिए सबको आगे आने का आह्वान किया। जनजाति समाज के कार्यकर्ता रन्थू उरांव तथा बुधन मुण्डा ने कहा कि षड्यंत्रकारी विघटनकारी शक्तियों की चाल सफल नहीं होने दी जायेगी। बैठक में 30 प्रधानाचार्य बन्धु-भगिनी की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्याम किशोर सिन्हा, उपाध्यक्ष नरेश सिंह, सचिव अरुण सिंह, कोषाध्यक्ष सुधांशु ओझा एवं डॉ संजय जौहरी उपस्थित थे। साथ ही अभिभावक विभाग संघचालक अभय कुमार सामन्त भी उपस्थित थे। आरंभ में अतिथियों का परिचय एवं स्वागत प्रधानाचार्य विजय शंकर सिंह तथा कार्यक्रम का संचालन पंकज मिश्र ने किया।





