
जमशेदपुर : टाटा स्टील में कोरोना को देखते हुए कर्मचारियों के अटेंडेंस (हाजिरी) बनाने की प्रक्रिया को फिर से पुराने जैसा लागू कर दिया है. टाटा स्टील के वीपी एचआरएम अतरई सरकार ने इसको लेकर एक नया सरकुलर जारी किया है. कोरोना की पहली लहर के वक्त से ही कंपनी ने अटेंडेंस बनाने की पद्धति को रोक दी थी. लेकिन अब दूसरी लहर के बाद कोरोना में आयी कमी को देखते हुए अब फिर से अटेंडेंस बनाने की प्रक्रिया को पूवर्व की तरह लागू कर दी है. यह नया बदलाव 1 अगस्त 2021 से फिर से लागू कर दिया गया है. इसके तहत कंपनी ने आरएफआइडी के जरिये अटेंडेंस रिकार्डिंग सिस्टम को फिर से चालू कर दिया गया है. जमशेदपुर के प्लांट के भीतर और टीएमएच, डिस्पेंसरी समेत अन्य स्थानों पर भी इसी तरह से अटेंडेंस बनाने की व्यवस्था लागू कर दी गयी है. सभई ऑफिस में इसी सिस्टम को लागू की गयी है. पीओडी के जरिये भी लोगों का मैनुअल अटेंडेंस बनाने को कहा गया है. इस दौरान पूरे प्लांट में राज्य सरकार के गाइडलाइन के मुताबिक, 50 फीसदी कर्मचारियों और अधिकारियों की मौजूदगी में प्लांट और कार्यालय को संचालित करने को कहा गया है. जो जमशेदपुर के बाहर के लोकेशन है, वहां के जो गाइडलाइन स्थानीय सरकारों के होंगे, उसके आधार पर ही हाजिरी बनाने को कहा गया है. जब तक सौ फीसदी कर्मचारियों और अधिकारियों की हाजिरी का सिस्टम नहीं लागू होता है, तब तक एक दिन छोड़कर एक दिन सभी की हाजिरी बनती रहेगी. इसके लिए जो वर्किंग मॉडल तय किया गया है, उस मॉडल के अनुसार ही अपना अटेंडेंस बनायेंगे. अधिकारी जिस तरह से वर्क फ्रॉम होम करते है, उसी तरह वे लोग वर्क फ्राम होम करेंगे और जिस तरह पहले से अटेंडेंस बनता था, वैसे ही बना करेगा. अब ड्यूटी आने वाले सारे कर्मचारियों को यह हिदायत दी गयी है कि वे लोग जब भी ड्यूटी आयेंगे और जायेंगे तो इन और आउट का पंचिंग आरएफआइडी कार्ड के जरिये करेंगे. पीओडी सिस्टम के जरिये बुलाये जाने वाले कर्मचारियों को भी इसी के माध्यम से हाजिरी बनाने को कहा गया है. कर्मचारियों को बिना मास्क और हैंड सैनिटाइजेशन के ड्यूटी नहीं करने की हिदायत दी गयी है.





