जमशेदपुर : टाटा स्टील मेरामण्डली (ओडिशा की अधिग्रहित भूषण स्टील) की नवगठित यूनियन टाटा स्टील मेरामण्डली वर्कर्स यूनियन ने 15 मार्च को अपनी तीसरी वर्षगाठ फाउंडेशन डे के रूप में मनाई. कर्मचारियों द्वारा आज ही के दिन 2023 में यूनियन बनाने की शुरुआत की गई थी. इस कार्यक्रम में यूनियन के अध्यक्ष बिक्रम सिंह, सुभ्रांशु सेखर सामल (सामल बाबू) के अलावा अन्य ऑफिस बियरर्स उपाध्यक्ष राजीव रंजन एवं अरविन्द मोहंती, महासचिव देबाशीष प्रधान, कोषाध्यक्ष दिव्या रंजन साहू, जॉइंट सेक्रेटरी चंद्रमणि साहू एवं निहार रंजन राउत, संगठन सेक्रेटरी सरोज कुमार लेंका और ललित मोहन बेहरा मुख्य रूप से उपस्थित थे. सभी ऑफिस बियरर्स ने बारी बारी से कार्यक्रम को सम्बोधित किया और अपने अपने व्यक्तत्व को रखा. कार्यक्रम का संचालन सौम्या रंजन दास ने किया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को होने वाली समस्याओं को जानना और यूनियन के पदाधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जानना था. कार्यक्रम में 500 से अधिक कर्मचारियों ने शिरकत की. (नीचे भी पढ़ें)

कर्मचारियों द्वारा उठाये गए मुद्दे में वेज रिवीजन, पीएमएस को हटाना, कर्मचारियों को फ्लैट अलॉटमेंट, ट्रांसपोर्ट से होने वाली समस्याओं, कर्मचारी की कार्य की अवधि को 8 घंटे से ज्यादा ना करना, कैंटीन के खाने की क्वालिटी को सुधारना, नाइट शिफ्ट अलाउंस, डीए समेत अन्य अलाउंस लागू करवाना मुख्य थे. मधुमिता साहू और बीथिका बिप्लबिका ने महिला एमेनिटीज से सम्बंधित मुद्दे को उठाये. कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए यूनियन मेंबर्स का हौसला आफजाई किया और आने वाली चुनौतियों से लड़ने का समर्थन किया. यूनियन के अधिकारियों ने भी कर्मचारियों के हित के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया. कार्यक्रम के संचालन में शशांक सेट्टी, सत्यकाम भट्टाचार्जी, बाबलू, आशीष सामल, संतोष राव सम्भाना, अनिल साहू, तापस, राजेश, सत्या, सौभाग्या, प्रीतम नाथ ने मुख्य भूमिका निभाई. कर्मचारियों द्वारा जल्द से जल्द कंपनी से मान्यता के लिए आवाज़ उठायी गयी. जल्द ही इसे लेकर यूनियन के पदाधिकारी मैनेजमेंट से मिलेंगे.



