
जमशेदपुर : टाटा स्टील अपनी नैटस्टील होल्डिंग कंपनी को बेचने जा रही है. नैटस्टील कंपनी को बेचने को लेकर वियतनाम की कंपनी थाइ हंग ट्रेडिंग ज्वाइंट स्टॉक कंपनी के साथ पूरा स्टेक ही बेचने का समझौता हो चुका है. टाटा स्टील की स्वामित्व वाली इस कंपनी को बेचने के लिए काफी अर्से से कंपनी प्रयासरत है क्योंकि कंपनी अपने घाटे को कम करने के लिए विदेशों के संयंत्रों को बेचने या उसमें निवेश कराने के लिए काफी साल से प्रयासरत है. स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी देते हुए कंपनी ने यह जानकारी दी है. करीब 36 करोड़ रुपये में कंपनी इसकी बिक्री करने जा रही है. थाइ हंग ट्रेडिंग ज्वाइंट स्टॉक कंपनी वर्तमान में स्टील बिलेट, स्टील फ्रेमवर्क, फॉरेस्ट प्रोडक्ट प्रोसेसिंग, कंस्ट्रक्शन समेत अन्य सारे स्टील से संबंधित कार्यों में व्यस्त है. इस कंपनी को अगले सप्ताह तक बेच दिया जायेगा.



