जमशेदपुर/भुवनेश्वर : ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर की नई अत्याधुनिक इमारत का उदघाटन किया. नई इमारत एक जिम, स्मार्ट क्लासरूम, भोजन की सुविधा, फिजियोथेरेपी कक्ष, कार्यालय के लिए स्थान सहित अन्य कई सुविधाओं से सुसज्जित है. समारोह में भाग लेने वाले गणमान्य व्यक्तियों में मंत्री आइटी और खेल तुषारकांति बेहरा, मुख्यमंत्री के निजी सचिव वीके पांडियन और खेल सचिव आर विनील कृष्णा, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील भुवनेश्वर के सीआरइ देबाशीष जेना, और ओएनटीएचपीसी के परियोजना निदेशक राजीव सेठ शामिल थे. कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और कार्यकारी निदेशक, कमांडर आरके श्रीवास्तव भी उपस्थित थे. नए हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर के बारे में बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि हम एचपीसी और यहां तक कि ग्रासरूट स्तर के केंद्रों में हॉकी के विकास के लिए टाटा समूह के साथ अपनी साझेदारी पर बेहद खुश हैं. इससे प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी और राष्ट्रीय टीमों के लिए विशिष्ट खिलाड़ी तैयार करने में योगदान मिलेगा. हमने अब एथलीटों को खेल में उत्कृष्टता हासिल करने में मदद करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट और आधुनिक बुनियादी संरचना के साथ एक अधिक खुला और समग्र खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया है. टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाईस प्रेसिडेंट, चाणक्य चौधरी ने कहा कि टाटा स्टील को ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर के साथ जुड़ने पर गर्व है. हम इस केंद्र को देश के अग्रणी उच्च प्रदर्शन केंद्रों में से एक के रूप में स्थापित करने में समर्थन और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए ओडिशा सरकार के आभारी हैं. हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि केंद्र ने पहले ही अच्छे परिणाम देने शुरू कर दिए हैं. वरिष्ठ अंतर्राष्ट्रीय महिला टीम की खिलाड़ी, ज्योति छत्री, और पांच खिलाड़ी जिन्होंने हाल ही में जूनियर अंतर्राष्ट्रीय में पदार्पण किया है, इस एचपीसी के गौरवान्वित कैडेट हैं. (नीचे भी पढ़े)
ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) की नई इमारत वर्तमान में 90 कैडेटों का घर है, जिसमें समान संख्या में लड़के और लड़कियां शामिल हैं, जिन्हें राज्य और राष्ट्रीय प्रतिभा पूल से चुना गया था. इन युवा एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में मदद करने के लिए शीर्ष स्तर की सुविधाएं और प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है. ओडिशा सरकार ने केंद्र के लिए बुनियादी संरचना प्रदान किया है, जिसका प्रबंधन ओएनटीएचपीसी द्वारा किया जाता है. हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर के रूप में अपनी भूमिका के अलावा, एचपीसी ओडिशा के 9 जिलों में ग्रासरूट स्तर के हॉकी कार्यक्रम की भी देखरेख करता है, जिसमें राज्य सरकार द्वारा संचालित 20 केंद्रों सहित 25 ऑपरेशनल ग्रासरूट सेन्टर हैं. ओएनटीएच (एचपीसी) का उदघाटन 13 अगस्त, 2019 को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया था. एचपीसी की स्थापना ओडिशा सरकार, टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास है.






