जमशेदपुर : टाटा स्टील अपने ब्रांड की सुरक्षा और ग्राहकों के विश्वास को लेकर काम कर रही है. इसमें और गति प्रदान की जायेगी. मुंबई में आयोजित एंटी काउंटरफाइटिंग एंड ब्रांड प्रोटेक्शन इंडिया समिट में टाटा स्टील की ओर से चीफ सिक्यूरिटी एंड ब्रांड प्रोटेक्शन अरविंद कुमार सिन्हा ने हिस्सा लिया और अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी जबकि इस तरह के चोरी या डुप्लीकेसी को रोकने के लिए उठाये गये कदम की सारी जानकारी साझा की. अरविंद सिन्हा ने कहा कि प्रतिस्पर्धी बाजार में सबसे ज्यादा जरूरी है कि अपने ब्रांड की रक्षा की जाये. इसके लिए कई सारे कदम उठाये जा रहे है. अवैध तरीके से होने राले व्यापार और किसी तरह की डुप्लीकेसी के साथ कंपनी कोई समझौता नहीं करेगी. क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं होगा. (नीचे भी पढ़ें)

इस दिशा में ब्रांड प्रोटेक्शन की पूरी टीम काम कर रही है. ग्राहकों के विश्वास पर खरा उतरना कंपनी की पहली जिम्मेदारी है. इस दिशा में सबको आगे बढ़ने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि टाटा स्टील ब्रांड प्रोटेक्शन को लेकर ग्राहकों को जागरूक कर रहा है, सप्लाइ चेन मैनेजमेंट की निगरानी कर रहा है. वहीं, कई सारे छापामारी भी की गयी है, जिसमें स्थानीय पुलिस और प्रशासन से मदद लेकर जब्ती भी करायी गयी है. कंपनी के दायित्वों और फर्जीवाड़ा के साथ ही फर्जी उत्पाद को बाजार में कैसे रोका जाये, इसको लेकर इस सेमिनार में गहन विचार मंथन हुआ.



