जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड ने निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण कोष प्राधिकरण (आइइपीएफ) नियमों का पालन करते हुए अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित किया है. कंपनी ने पूर्व टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स लिमिटेड के उन शेयरधारकों को चेतावनी दी है जिनके डिविडेंड सात वर्षों से अनक्लेम्ड (दावा न किए गए) हैं. कंपनी ने 15 मई को बीएसई और एनएसई को सूचना देते हुए बताया कि टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स के 15 नवंबर 2023 को टाटा स्टील में विलय के बाद शेयरधारकों को जारी किए गए शेयरों और संबंधित डिविडेंड के मामले में यह कार्रवाई हो रही है. विलय के बाद टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स के शेयरधारकों को टाटा स्टील के शेयर मिले थे. वित्तीय वर्ष 2018-19 से वित्तीय वर्ष 2024-25 तक के अनक्लेम्ड डिविडेंड को लेकर चेतावनी जारी की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
शेयरधारकों को 17 अगस्त तक अपना अनक्लेम्ड डिविडेंड क्लेम करने की अंतिम तिथि दी गई है. यदि इस तिथि तक दावा नहीं किया गया तो 18 अगस्त 2026 को संबंधित डिविडेंड और शेयर आइइपीएफ ऑथॉरिटी के नाम ट्रांसफर कर दिए जाएंगे. अनक्लेम्ड डिविडेंड की डिटेल कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध है. फिजिकल शेयरधारकों को केवायसी, बैंक डिटेल्स और नॉमिनेशन अपडेट करना जरूरी है. डिमेट शेयरधारक अपने डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट के माध्यम से डिटेल्स अपडेट कर सकते हैं. दावा करने के लिए एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड या कंपनी के कंपनी सचिव से संपर्क करें, कंपनी सचिव पार्वतीसम कंचिनाधम ने स्पष्ट किया कि शेयर आइइपीएफ में ट्रांसफर होने के बाद भी शेयरधारक बाद में दावा कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए आइइपीएफ-5 फॉर्म भरना होगा. टाटा स्टील ने शेयरधारकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना डिविडेंड क्लेम कर लें ताकि उनके शेयर आइइपीएफ में ट्रांसफर न हों. यह सूचना सेबी रेगुलेशन 30 के तहत शेयर बाजारों को दी गई है.







