जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन की आमसभा (एजीएम) 13 दिसंबर को होने वाली है. इसकी तैयारी तेज है. गुरुवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने आमसभा की तैयारियों को लेकर अहम मीटिंग अपने मातहत सारे पदाधिकारियों के साथ की. इस बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि आमसभा में सारे कर्मचारी सदस्यों की अधिक से अधिक भागीदारी हो, यह सुनिश्चित कराया जाये. इसकी सारी प्रक्रिया का पालन किया जाये. इस दौरान सभी कमेटी मेंबरों से अपने अपने विभाग के यूनयिन के सदस्यों को सभा में आने का अनुरोध करने की भी अपील की गयी. चमरिया गेस्ट हाउस में आयोजित इस मीटिंग के दौरान अध्यक्ष ने कहा कि सभी पदाधिकारी एजीएम स्थल पर सारी तैयारियों के लिए सभा स्थल पर पहले से उपस्थित रहे ताकि सभा स्थल में आने वाले किसी कर्मचारी को दिक्कत नहीं हो. इस मीटिंग के दौरान पदाधिकारियों ने कई सारी जानकारी आपस में साझा की. इस मीटिंग में अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के अलावा महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, कोषाध्यक्ष आमोद दुबे, उपाध्यक्ष शहनवाज आलम, संजीव तिवारी, राजीव चौधरी, संजय सिंह, सहायक सचिव नितेश राज, श्याम बाबू और अजय चौधरी मौजूद थे. आपको बता दें कि टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान संशोधन को लेकर आमसभा (एजीएम) 13 दिसंबर को दोपहर 3.30 बजे कंपनी के वर्क्स जनरल ऑफिस लॉन में आहूत की गयी है. इसके एजेंडा के मुताबिक, पहले दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि दी जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद वित्तीय वर्ष 2024-2025 के अंकेक्षित एकाउंट पेश होगा. इसके बाद कार्यकारिणी समिति (कमेटी मीटिंग) द्वारा पारित टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान संशोधन को मंजूरी के लिए प्रस्ताव लाया जायेगा, जिसको पारित कराया जायेगा. वर्तमान में टाटा वर्कर्स यूनियन चाहती है कि संविधान में कुछ बदलाव किया जाये. इसके तहत यूनियन के चुनाव में अब 50 कर्मचारियों पर एक सीट होगी. यह संख्या 160 से कम नहीं होगी. अभी टाटा वर्कर्स यूनियन में 214 सीटें हैं. उनकी जगह अब न्यूनतम 160 कमेटी मेंबर होंगे. अधिकतम की कोई सीलिंग नहीं होगी क्योंकि 50 कर्मचारी पर एक सीट बननी है. इसके अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन फेडरेशन का रूप लेगी. फेडरेशन के अधीन देशभर की टाटा स्टील की सारी यूनियनें काम करेगी यानी एक अभिभावक यूनियन के तौर पर टाटा वर्कर्स यूनियन होगा. देश के नये आइआर कोड बिल 2020 का टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान में समाहित किया जायेगा. वहां जो बदलाव होगा, उसको टाटा वर्कर्स यूनियन में लागू किया जायेगा और कमेटी मेंबरों के चुनाव के लिए नामांकन में तीन-तीन प्रपोजल और सेकेंडर जबकि ऑफिस बियरर के चुनाव के लिए 4-4 प्रोपोजल और सेकेंडर की जरूरत होगी. पदाधिकारियों के चुनाव में नामांकन फार्म में किसी तरह की गलती होने पर फार्म को रिजेक्ट नहीं किया जायेगा. स्पेलिंग या टाइपिंग की गलती होने पर भी फार्म रिजेक्ट नहीं किया जा सकता है. खाली होने वाले कमेटी मेंबर या पदाधिकारी की सीट पर 6 माह के भीतर उपचुनाव कराना होगा.



