जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन वार्ता के बीच शुक्रवार 29 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग आहूत की गयी है. इस मीटिंग में हंगामा होने की संभावना है. बताया जाता है कि कमेटी मेंबरों ने वेज रिवीजन में सत्ताधारी नेताओं को घेरने की तैयारी की है. इस बीच एनएस ग्रेड के कर्मचारियों और कमेटी मेंबरों ने कहा है कि कमेटी मीटिंग में पहले पदाधिकारी खुद अपनी ओर से बताये कि वेज रिवीजन की वार्ता की क्या स्थिति है. उसके बाद कमेटी मेंबरों से सलाह ली जाये. पहले कमेटी मेंबरों की बातों को सुना नहीं जाये. (नीचे भी पढ़े)
इसको लेकर कमेटी मेंबरों ने वाट्सएप ग्रुप पर अपना दबाव बढ़ा दिया है. इसको लेकर तैयारी की गयी है. दूसरी ओर, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व पदाधिकारी आरसी झा ने पहले ही अपना आवेदन देकर पहला सवाल पूछने का अधिकार मांगा है. इसको लेकर यह कयास लगाया जा रहा है कि वेज रिवीजन समझौता को लेकर काफी सवाल आयेगा और कमेटी मेंबर अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह को घेरेंगे. कमेटी मेंबरों ने टॉप थ्री को घेरा है.







