
जमशेदपुर : देश के गिने चुने यूनियनों में शुमार टाटा वर्कर्स यूनियन अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है. यूनियन की ओर से प्रतिष्ठित माइकल जॉन अवार्ड इस साल टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को दिया जा रहा है. इसको लेकर तैयारी अंतिम चरण में है. गुरुवार को सुबह पौने ग्यारह बजे से यह कार्यक्रम होगा, जिसमें एन चंद्रशेखरन को माइकल जॉन अवार्ड दिया जायेगा जबकि माइकल जॉन लेक्चर भी श्री चंद्रशेखरन देंगे. इस दौरान वे वीजी गोपाल हेरीटेज के नये रुप का भी उदघाटन करेंगे और यूनियन के साथ भी समय बितायेंगे. करीब डेढ़ घंटे के इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्षों को भी सम्मानित किया जायेगा. इससे पहले वर्ष 2018 में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी को यह अवार्ड दिया गया था. इससे पहले देश के कई नामी-गिरामी हस्तियों को यह अवार्ड मिल चुका है. इस कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया गया है. माइकल जॉन ऑडिटोरियम को खास तौर पर सजाया गया है. इस कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह समेत कारपोरेट सेक्टर से जुड़ी तमाम हस्तियां मौजूद रहेंगी. इस दौरान माइकल जॉन सेंटर द्वारा सौ साल के इतिहास की जानकारी दी जायेगी और कॉफी टेबुल बुक से लेकर तमाम चीजें भी यहां रिलीज की जायेगी, ताकि कार्यक्रम को यादगार बनाया जा सके. कार्यक्रम के दौरान यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह द्वारा माइकल जॉन सेंटर और यूनियन की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देंगे. संचालन का कार्यभार खुद अध्यक्ष आर रवि प्रसाद के हाथों होगा जबकि धन्यवाद ज्ञापन यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय देंगे. इस दौरान सारे पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. इस पूरे आयोजन को टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन संयुक्त रुप से कर रही है.
किसको कब मिला है यह अवार्ड :
- 1985-जेआरडी टाटा, टाटा संस के पूर्व चेयरमैन
- 1986-जी रामानुजम, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, इंटक
- 1987-एलके झा, सांसद, पूर्व वित्त मंत्री, भारत सरकार
- 1988-डॉ पीपी नारायणनन, पूर्व अध्यक्ष, आइसीएफटीयू
- 1989-एसके जैन, पूर्व उपमहानिदेशक, आइएलओ
- 1990-सीएस धर्माधिकारी, सेवानिवृत जज, बांबे हाईकोर्ट
- 1991-डॉ वी कृष्णमूर्ति, पूर्व चेयरमैन, मारुति उद्योग लिमिटेड
- 1992-रुसी मोदी, पूर्व चेयरमैन सह एमडी टाटा स्टील
- 1993-आर वेंकटरमण, पूर्व राष्ट्रपति, भारत
- 1994-वीजी गोपाल, पूर्व अध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन (मरणोपरांत)
- 1995-रतन टाटा, पूर्व अध्यक्ष, टाटा संस
- 1996-गोपेश्वर, इंटक के राष्ट्रीय महासचिव
- 1997-पीए संगमा, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष
- 1998-डॉ जेजे इरानी, पूर्व एमडी, टाटा स्टील
- 1999-आरपी बिलमोरिया, चेयरमैन सह एमडी, बिलमोरिया कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड
- 2000-फादर इएच, मैकग्राथ, पूर्व निदेशक, ओड़िशा बालासोर मानव संसाधन सेंटर
- 2001-डॉ कर्ण सिंह, पूर्व सांसद
- 2002-डॉ एपीजे अब्दुल कलाम, पूर्व राष्ट्रपति
- 2003-बी मुथुरमण, पूर्व एमडी, टाटा स्टील
- 2007-ऑस्कर फर्नांडीस, केंद्रीय श्रम मंत्री, भारत सरकार
- 2009-एसके बेंजामिन, पूर्व अध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन
- 2010-एचएम नेरुरकर, पूर्व एमडी, टाटा स्टील
- 2011-श्रीप्रकाश जायसवाल, पूर्व कोयला मंत्री
- 2018-डॉ जी संजीवा रेड्डी, इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष



