
जमशेदपुर : टिनप्लेट कंपनी में वेज रिवीजन समझौता को लेकर कर्मचारियों की ओर से विरोध दर्ज कराया गया है. सोमवार को वेज रिवीजन समझौता को लेकर अस्थायी कर्मचारियों और स्थायी कर्मचारियों की बैठक हुई. इस बैठक में बताया गया कि मैनेजमेंट टाटा स्टील की तर्ज पर एनएस ग्रेड बनाकर वेज रिवीजन समझौता करना चाहती है. इस लिहाज से एनएस ग्रेड में ही बहाली करायी जा सकती है.
इसका स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों ने घोर विरोध किया. इन लोगों ने कहा कि वे लोग इस तरह कम वेतनमान में बहाल होना नहीं चाहते है कि उनकी दाल रोटी भी नहीं चल सके. इसके बाद यूनियन ने इसको लेकर प्रबंधन के साथ बातचीत करने का आश्वासन दिया. आपको बता दें कि वेज रिवीजन समझौता अप्रैल 2018 से लंबित है. टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों को इस काम में लगाया गया है, लेकिन अब तक कोई रास्ता नहीं निकल पाया है.



