वाराणसी: ईद से ठीक पहले सामने आए एक विडियो के कारण वाराणसी शहर में हड़कंप मच गया है. इस विडियो में 15-20 मुस्लिम युवक गंगा नदी में नाव में बैठकर इफ्तारी करते नजर आ रहे हैं. इस विडियो को लेकर हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने आपत्ति जताते हुए कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इसके आलोक में पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मदनपुरा इलाके के 14 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)

मंगलवार को सामने आए इस विडियो को लेकर शहर में चर्चा छिड़ी हुई है. विडियो में दिख रहा है कि करीब 15 से 20 रोजेदार गंगा नदी में एक नाव पर बैठे इफ्तार कर रहे हैं. विडियो बनानेवाला युवक नाव पर रखी खाने-पीने की चीजों को दिखा रहा है, जिसके एक हिस्से में बिरयानी भी रखी है. रोजा इफ्तार पार्टी का विडियो सामने आते ही हिंदू संगठनों ने गहरी नाराजगी दर्ज कराई. हिंदू संगठनों ने कहा कि गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि मां है. (नीचे भी पढ़ें)

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली, विजय प्रताप ने बताया कि बीजेपी युवा मोर्चा से जुड़े रजत जायसवाल ने विडियो को लेकर शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में कहा गया है कि विडियो में दिख रहे मुस्लिम युवक नाव में बैठकर चिकन बिरयानी खाने के बाद उसके अवशेष गंगा नदी में फेंक रहे हैं. जांच में पता चला है कि यह विडियो 15 मार्च को अपलोड किया गया था. शिकायत के आधार पर पुलिस ने विडियो में दिख रहे लोगों की तलाश शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
एसीपी विजय प्रताप ने बताया कि मामले में अभी तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में विडियो को अपलोड करने वाला तहसीम भी शामिल है. गिरफ्तार किए गए सभी युवक बनारस के मदनपुरा इलाके के रहने वाले हैं. पुलिस विडियो में दिख रहे अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. इन सभी लोगों पर बीएनएस की धारा 298, 299, 296(1बी), 270 और 279 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.



