बड़ाजामदा: पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग स्थित वायरलेस ढलान पर मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. घायल युवती का इलाज सेल किरीबुरू अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.मृतक की पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बड़ानंदा निवासी आकाश बोबोंगा के रूप में हुई है. वहीं घायल युवती की पहचान राधि लागुरी (21 वर्ष), निवासी ऊईसिया, थाना जगन्नाथपुर के रूप में हुई है.जानकारी के अनुसार आकाश और राधि मोटरसाइकिल से किरीबुरू घूमने आए थे. शाम को घर लौटने के दौरान वायरलेस ढलान के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना भीषण था कि आकाश को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राधि गंभीर रूप से घायल हो गई. (नीचे भी पढ़े)
घायल युवती की बहन बुधनी लागुरी ने बताया कि वे सभी लोग दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से किरीबुरू घूमने आए थे. वापसी के दौरान आकाश द्वारा चलाई जा रही बाइक वायरलेस ढलान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.हादसे के तुरंत बाद उसी मार्ग से गुजर रहे एक कार चालक ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी कार से तत्काल सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया. स्थानीय लोगों ने भी चालक की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की. घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.सेल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एम. एस. दास ने बताया कि राधि लागुरी का उपचार जारी है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है. चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रही है.







