रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष एवं सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद सोमवार को नगर परिषद की पहली शिष्टाचार बैठक आयोजित हुई. बैठक में उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा सहित सभी वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद् के कर्मी उपस्थित रहे. बैठक में आने वाले पर्व-त्योहारों को देखते हुए पार्षदों ने नगर परिषद् क्षेत्र में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. सभी समस्याओं को सुनने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि आनेवाले एक सप्ताह में हिन्दू नववर्ष, सरहुल, ईद, चैती दुर्गापूजा और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहार हैं. ऐसे में शहर की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखना बेहद जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि मंगलवार से नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों का दौरा किया जाएगा और जहां भी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि सभी वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद हैं और बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हैं, जिन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि शहर की प्रमुख समस्या नाली की है, जिसे चरणबद्ध तरीके से ठीक करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की 10 प्रमुख समस्याएं लिखित रूप में अगली बोर्ड बैठक में सौंपने को कहा, ताकि योजनाबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान किया जा सके. उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं पर फोकस करने एवं जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया. साथ ही, उन्होंने हिन्दू एवं मुस्लिम समुदाय के आगामी पर्व-त्योहारों को सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में वार्ड पार्षद स्वपन कुमार मिस्त्री, प्रीति होरो, लीला प्रसाद, गौतम रवानी, राजू प्रसाद कसेरा, सुनीति बाग, संजय पासवान, पूजा गिरि, एस पुष्पलता, विनय बर्मन, मायारानी मल, शाहिद तबस्सुम, शेखावत हुसैन, प्रदीप दास, रानी रजक, सुलेखा दत्ता, जहांआरा, मो नूरुद्दीन, रवि बांकिरा, राजेश्वरी मुखी, मंजू मिंज, सीताराम तैसुम के साथ ही नगर परिषद के कर्मी भी शामिल रहे.




