रामगोपाल जेना,चाईबासा: चाईबासा अमला टोला वार्ड संख्या -19 में अवस्थित आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण किया गया. विद्यालय में नामांकित सभी 450 बच्चों के लिए एसआर रूंगटा द्वारा स्वेटर उपलब्ध कराया गया.स्वेटर वितरण के कार्यक्रम में जिले के उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. इसके अलावा विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार एवं क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी सदर चाईबासा राजेश कुमार पासवान भी उपस्थित थे. सभी अतिथियों ने बारी-बारी से वर्ग-1 से लेकर वर्ग-8 के पांच-पांच बच्चों को सांकेतिक तौर पर स्वेटर वितरित किया. शेष बच्चों को विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा स्वेटर वितरित कर दिया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यालय उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है तथा जो अपेक्षाएं सरकार को हम शिक्षकों से है उसे हम पूरा करने का भरसक प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि स्वेटर वितरण का यह कार्यक्रम विद्यालय में पिछले आठ बर्षों से लगातार जारी है और इसका सारा श्रेय एसआर रूंगटा ग्रुप को जाता है. जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार ने भी विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि वे गत वर्ष की इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे और तब से लेकर अब तक इस विद्यालय में अनुशासन के साथ-साथ शैक्षणिक माहौल में भी काफी परिवर्तन देखने को मिल रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा विभाग नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय को हर स्तर पर सहयोग करने के लिए कटिबद्ध है.(नीचे भी पढ़े)

मुख्य अतिथि के रूप में बच्चों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने की सलाह दी. उन्होने कहा कि वे स्वयं एक सरकारी विद्यालय के छात्र रहे हैं और बखूबी इस तरह के विद्यालयों की समस्याओं से अवगत हैं. उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने विद्यालय के मरम्मतकरण के कार्य के लिए लगभग 19 लाख की राशि आवंटित की है. इस कार्य का निविदा भी हो चुका है और बहुत जल्द मरम्मतकरण का कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

उप विकास आयुक्त ने नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के सभी बच्चों को उनी वस्त्र प्रदान करने के लिए एस आर रूंगटा ग्रुप का भी आभार जताया. इससे पूर्व विद्यालय की शिक्षिका गीतांजली महतो, सुसाना पुरती एवं सरिता सिंह कुंटिया ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया जबकि समारोह के अंत में मिनाक्षी सहाय, वंदना प्रधान एवं सरिता सिंह कुंटिया ने प्रतीक चिन्ह प्रदान कर अतिथियों को सम्मानित किया.



