
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों और उनके परिवार के लोगों के लिए यह अच्छी खबर है. टाटा स्टील के कर्मचारियों और उनके परिजनों को गुरुवार यानी 28 मई से आसानी से टीका मिला करेगा. जमशेदपुर के लोयोला स्कूल के फेजी ऑडिटोरियम में 28 मई की सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक टीका दिया जायेगा. इससे लिए पहले से ही व्यवस्था खड़ी की जा चुकी है. टाटा स्टील की ओर से खुद से वैक्सीन खरीदकर मंगायी गयी है ताकि कर्मचारियों और उनके परिजनों के मुफ्त में टीका (वैक्सीन) दी जा सके. सबको टीका देने की रणनीति के तहत यह कदम उठाया गया है. कोवीशिल्ड टीका बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीच्यूट के साथ सीधे टाटा स्टील ने संपर्क साधा था, जिसके आधार पर बातचीत हुई और एक साथ सारे टीके का आर्डर कर्मचारियों और उनके परिवारवालों के लिए कर दिया गया. टाटा स्टील पैसे देकर कंपनियों से टीका खरीदी है और फिर मुफ्त में कर्मचारियों और उनके परिजनों को टीका दिया जायेगा. 18 से 44 साल तक और 45 साल से ऊपर के कर्मचारियों और अधिकारियों को पहला और दूसरा दोनों डोज कंपनी की ओर से उपलब्ध कराया जायेगा. कोविशील्ड की पहली खेप आ चुकी है. इसके तहत टीकाकरण की शुरुआत गुरुवार से होगी. कंपनी की ओर से जारी सरकुलर के मुताबिक, कर्मचारियों को टीका के लिए पहले कोविन अप में अपना रजिस्ट्रेशन कर लेना है, जिसके बाद उनको टीएमएच के विश्वास एप के जरिये अपना स्लॉट टाइम और तिथि को बुक कर लेना है. सारे कर्मचारियों को अपना आधार कार्ड और आरएफआइडी कार्ड यानी कंपनी का गेट पास लेकर आना है. कर्मचारियों को अपने गेट पास के आरएफआइडी को टीका लेने के बाद टीकाकरण केंद्र लोयाला स्कूल के बाहर लगाये गये कार्ड रीडर में स्वाइप भी कराना होगा ताकि टीकाकरण का रिकॉर्ड रखा जा सके. टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सरकार की ओर से जारी सरकुलर के मुताबिक, हर दिन 1500 टीका का डोज दिया जायेगा. टाटा स्टील की हेड कारपोरेट कम्यूनिकेशन रुना राजीव कुमार ने बताया कि टीकाकरण अभी कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ जिनका अस्पताल का मेडिकल बुक बना हुआ है, उनको ही दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि बाहर के लोगों को पहले टीएमएच विश्वास एप से बुकिंग की जाती थी, लेकिन अभी टीका उपलब्ध नहीं है, इस कारण बाहरी लोगों को टीका नहीं दिया जायेगा, सिर्फ कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ उनके परिवारवालों को टीका मुफ्त में दिया जायेगा. उन्होंने यह भी बताया कि अभी कोविशील्ड की खेप पहुंची है और अन्य कंपनियों से बातचीत चल रही है. जैसे ही टीके आयेंगे, वैसे ही फिर से सबको सूचित किया जायेगा. फिलहाल, 28 मई से हम लोग टीकाकरण शुरू करने जा रहे है. श्रीमति रूना ने बताया कि अभी टाटा स्टील के सारे लोकेशन में इसकी शुरुआत होगी ताकि कंपनी के कर्मचारी और उनके परिवार सुरक्षित हो सके. इसकी खरीद टाटा स्टील द्वारा ही सीधे टीका बनाने वाली कंपनी से की गयी है. आपको बता दें कि टाटा स्टील के कर्मचारियों और उनके परिवार को कंपनी की ओर से टीका दिलाने के लिए काफी दिनों से टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से भी डिमांड किया जा रहा था, जिसको देखते हुए टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से यह पहल की गयी है, जिसको लेकर कंपनी ने काफी प्रयासों के बाद यह टीका मंगवाया है ताकि उनके कर्मचारियों और उनके परिजनों को सुरक्षा प्रदान की जा सके.














