
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन रोड गुरुद्वारा के समीप एक महिला से लाखों रुपए के जेवरात की लूट की घटना हुई थी. बताया जा रहा है कि लूट की घटना को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी. इसको लेकर स्टेशन रोड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मंगलवार को जमशेदपुर पुलिस मुख्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने एसएसपी से मिलकर पूरे मामले की जांच करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही स्टेशन रोड गुरुद्वारा परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की भी मांग की है. जानकारी देते हुए सरदार शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उनके द्वारा सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि पुलिस को अपराधियों की पहचान करने में कोई परेशानी ना हो. उन्होंने बताया कि जिस महिला के साथ लूटपाट की घटना हुई वह महिला गुरुद्वारा में मत्था टेकने जा रही थी इसी दौरान पुलिस की वर्दी में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. ऐसे में लोगों के बीच भय का माहौल व्याप्त है.







