
जमशेदपुर : झारखंड के श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग ने ठेका मजदूरों को मिलने वाले महंगाई भत्ता (वीडीए) के रेट में बढ़ोत्तरी कर दी है. इस तरह अब मजदूरों को बढ़ा हुआ वेतन मिला करेगा. ठेका मजदूरों को परिवर्तनशील महंगाई भत्ता यानी वेरिएबुल डियरनेस एलाउंस मिलता है, जिसके रेट को 1 अक्टूबर से बढ़ाया गया है. इसके बाद वेतन में काफी ज्यादा बढ़ोत्तरी हो जायेगी. श्रमायुक्त ए मुथुकुमार के हस्ताक्षर से जारी किये गये नये रेट के तहत ही इस माह से ही कर्मचारियों को वेतन देना होगा. इसके तहत अकुशल कर्मचारी को एक माह में 8571 रुपये 78 पैसे मजदूरी देना है, साथ में 1252 रुपये 34 पैसे प्रतिमाह वीडीए देना है, दोनों को जोड़कर यह राशि हर माह 9824 रुपये 12 पैसे हो जा रही है. पहले महंगाई भत्ता 1139 रुपये प्रतिमाह थी. इसी तरह अर्धकुशल कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 1193 रुपये थी, जिसको बढ़ाकर 1311 कर दिया गया है, उनको प्रतिमाह 8977 रुपये 47 पैसे को जोड़कर कुल 10289 रुपये 8 पैसे मिला करेगी. इसी तरह कुशल कामगार को प्रतिमाह मजदूरी 11935 रुपये 6 पैसे मिलेगा जबकि 1743 रुपये 71 पैसे वीडीए मिलेगी, जिसके बाद कुल राशि 13678 रुपये 77 पैसे मिलेगी. पहले इस कैटेगोरी के कर्मचारी का महंगाई भत्ता 1586 रुपये प्रतिमाह था. अतिकुशल कामगारों का महंगाई भत्ता पहले 1817 रुपये था, जो अब बढ़कर 1998 रुपये हो चुकी है. अतिकुशल कामगार को प्रतिमाह मजदूरी 13675 रुपये 59 पैसे मिलेगी और साथ में वीडीए 1998 रुपये को जोड़कर हर माह 15673 रुपये 59 पैसे मिलेगी.




