
चाईबासा : उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिले के सभी प्रखंडों के मत्स्य मित्रों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री जयंत रंजन भी उपस्थित रहे। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त के द्वारा मत्स्य मित्रों के द्वारा संपादित कार्यप्रणाली से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा करने के साथ ही जिला मत्स्य कार्यालय से संचालित योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की गयी। शुक्रवार को संपन्न बैठक में सभी मत्स्य मित्रों को यह निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवस्थित सहकारी तालाबों की सूची तैयार करें एवं ग्राम सभा से अनुमोदित करवाते हुए एक प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करें। प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर जिला प्रशासन के द्वारा सभी तालाबों को विकसित करने का कार्य किया जाएगा जिससे मत्स्य पालकों को अपनी आय को बढ़ाने में मदद मिलेगी।








