
मुंबई : सुप्रीम कोर्ट में टाटा संस के एमिरट्स चेयरमैन रतन टाटा के खिलाफ दायर सारे मुकदमा को नुसली वाडिया ने वापस ले लिया है. बांबे डाइंग के चेयरमैन नुसली वाडिया ने रतन टाटा के खिलाफ 3000 करोड़ रुपये का मानहानी का मुकदमा दायर किया था. इस मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि इस मामले को वे लोग एक साथ बैठकर खुद से मामला सुलझा लें. इसके बाद यह कदम उठाया गया है. साइरस मिस्त्री के साथ उत्पन्न विवाद के बीच यह सकारात्मक कदम उठाया गया है. नुसली वाडिया ने वर्ष 2016 में रतन टाटा और टाटा संस के डायरेक्टर्स के खिलाफ मानहानी का मुकदमा दायर किया था.
नुसली वाडिया को भी साइरस मिस्त्री के साथ ही टाटा संस के निदेशक मंडल से हटा दिया गया था. निदेशक मंडल से हटाये जाने की वजह से ही मानहानी का मुकदमा दायर किया गया था. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा और एन चंद्रशेखरन समेत आठ निदेशकों को कानूनी नोटिस दी गयी थी, जिसके आधार पर कार्यवाही की जानी थी.







