
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन का कमेटी मीटिंग 7 मार्च सोमवार को सुबह 9 बजे से आहूत की गयी है. यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह के हस्ताक्षर से इसका सरकुलर जारी कर दिया गया. 7 मार्च को आहूत इस कमेटी मीटिंग में पहला एजेंडा श्रद्धांजलि रखी गयी है. इसके बाद 16 दिंबर 2021 को हुए कमेटी मीटिंग के प्रस्तावों को पारित कराया जायेगा और कार्यवाही के विवरण की पुष्टि करायी जायेगी. इसके बाद सितंबर, अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2021 के एकाउंट को पारित कराने के बाद सभापति की अनुमति से अन्य बातों को रखा जा सकेगा. काफी दिनों के बाद एनी अदर मैटर यानी अन्य बातों को भी रखने का मौका कमेटी मेंबरों को दिया जा रहा है. जाहिर सी बात है कि इस दौरान कई सारे मुद्दे भी उठ सकते है जबकि मौजूदगा विपक्ष के नेता और कमेटी मेंबर भी अपनी तैयारी करेंगे कि सत्ता पक्ष को कैसे घेरा जा सके. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और महामंत्री सतीश सिंह की जोड़ी को चुनौती देने की भी तैयारी होगी, जिसको लेकर विपक्ष हमलावर है. वहीं डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह के स्तर पर भी कुछ लोग निशाना साध सकते है. कई सारे विभागों में समस्याएं है, जिन समस्याओं को लेकर भी कमेटी मेंबर काफी मुखर हो सकते है. एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के मसले पर भी गंभीर चर्चा संभव है.




