जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की. सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर डुमरिया थाना क्षेत्र के बोतला गांव और मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारुलिया गांव में छापेमारी की गई. इस दौरान ओडिशा राज्य में बिक्री के लिए निर्मित विदेशी शराब, बीयर और अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. उत्पाद निरीक्षक घाटशिला क्षेत्र के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 27.450 लीटर विदेशी शराब, 650 मिलीलीटर की 69 बोतल रॉयल मेनशन बीयर (कुल 44.850 लीटर) और 35 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की. बरामद विदेशी शराब पर ओडिशा में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था. (नीचे भी पढ़ें)

छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही शराब की बिक्री में शामिल लोग मौके से फरार हो गए. इस कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी. उत्पाद विभाग की ओर से फरार शराब विक्रेताओं के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.












