जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के कान्वाई चालकों के लंबित मांगों को लेकर सोमवार को झारखंड मजदूर यूनियन की ओर से बुकिंग एरिया में तालाबंदी कर दी गयी. करीब तीन घंटे तक यह तालाबंदी की गयी. इसका नेतृत्व यूनियन के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री झामुमो नेता दुलाल भुइयां ने किया. इन लोगं ने यहां जमकर नारेबाजी की और कामकाज को ठप कर दिया. करीब तीन घंटे के बाद कान्वाइ चालकों की बुकिंग फिर से शुरू की जा सकी. इन लोगों ने मांग की है कि ऑल इंडिया कान्वाइ वर्कर्स यूनयिन (निबंधन संख्या 1523) का चुनाव 2010 में कराया गया था. उसी तर्ज पर चुनाव होना चाहिए. चालकों का 18 माह से वेतन बढ़ोत्तरी रुका हुआ है. आंदोलन के दौरान इन लोगों ने जमकर नारेबाजी की. झारखंड मजदूर यूनियन का कहना है कि लिस्टेड चालकों के निधन पर उनके आश्रितों को नौकरी का प्रावधान है. 80 चालकों का मामला यूनियन के नेताओं द्वारा रोके रखा गया है. वैसे चालकों को लिस्ट में लाकर नौकरी दी जाये. इसके अलावा लिस्टेड चालकों के मेडिकल बिल का भुगतान कराया जाये. 300 से 400 चालकों का बिल लंबित है. कान्वाई चालकों को 10 हजार रुपये ही मिलते है, जिसकी राशि को बढ़ाया जाना चाहिए. इस फंड को बढ़ाया जाये. इस दौरान मैनेजमेंट की ओर से कहा गया है कि वे लोग इस मसले को लेकर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे, जिसके बाद ही कोई फैसला लेंगे.




