
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग सोमवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन प्रेक्षागृह में हुई. मीटिंग की शुरुआत दिवंगत यूनियन पदाधिकारी, कमेटी मेंबर व कर्मचारियों को श्रद्धांजलि देकर की गयी. महामंत्री सतीश सिंह ने पिछली मीटिंग का मिनट्स और उस पर की गयी कार्रवाई को सदन के समक्ष रखा. जनवरी-फरवरी में हुए आय व्यय और बैलेंस की जानकारी रखते हुए अकाउंट पास किया गया. अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में कमेटी मेंबरों के सहयोग के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि वे या उनकी टीम वही बात बोलेगी जो वे कर सकते हैं. वे बड़ी-बड़ी बात बोलकर पीछे हटने से बेहतर है कि वहीं बोलना उचित समझते हैं जो वे कर सकते हैं. यह बात वह पेट्रोल (कन्वेनियंस) अलाउंस को लेकर बोल रहे थे. बैठक में सभी ऑफिस बियरर मौजूद रहे. हालांकि डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह अस्वस्थ होने की वजह से इस कमेटी मीटिंग में शामिल नहीं हुए. सीआरएम से कमेटी मेंबर अशोक गुप्ता ने कमेटी मीटिंग की अवधि को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि दो माह में होने वाले वाली कमेटी मीटिंग पांच की अवधि में क्यों हो रही है. इस पर अध्यक्ष ने माना की देरी हुई है. अगली बैठक नियमित समय पर कराने की बात कही गयी. वहीं साल से डेढ़ साल पहले के खर्च का ब्योरा अब भी अकाउंट में दिखाने पर सवाल उठाया गया. इसमें चुनाव 2020 के चुनाव के खर्च का ब्योरा 2022 में भी शामिल करने पर सवाल किया गया था. इस पर कोषाध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने जवाब दिया कि चुनाव में हुए खर्च का बिल आने में कई जगहों से देरी हुई है.





