
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी कंपनी टाटा ब्लूस्कोप में शनिवार को बोनस समझौता पर हस्ताक्षर हो गया. इस बार कर्मचारियों को 18.67 फीसदी बोनस मिलेगा और इसके अतिरिक्त 2500 रूपये बोनस मिलेगा. टाटा ब्लूस्कोप एम्पलाई यूनियन एवं टाटा ब्लूस्कोप मैनेजमेंट के बीच बोनस पर समझौता हुआ. समझौते के तहत सभी यूनियन के अधीन आने वाले कर्मचारियों के लिए 51 लाख 55 हजार 866 रूपये, जो कि फार्मूले के तहत आता है, बांटी जाएगी. इसके अलावा सभी कर्मचारियों को 2500 रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी. कुल मिलाकर 54 लाख 54 हजार 171 रुपए की राशि इस बार कर्मचारियों के बीच बांटी जाएगी. इस बार न्यूनतम बोनस 27597 रूपये दिया गया. इसके अलावा 2500 की अतिरिक्त राशि कुल मिलाकर 30097 रूपये मिलेगा. (नीचे देखे पूरी खबर )

अधिकतम बोनस फार्मूले के तहत 68558 रूपये और इसके अलावा अतिरिक्त 2500 रूपये की राशि दी जाएगी. कुल मिलाकर 70915 रूपये मिलेगा. इस बार का एवरेज बोनस अतिरिक्त राशि के साथ 52000 रूपये मिलेगा. पिछले साल टाटा ब्लूस्कोप कर्मियों को 15.96 प्रतिशत बोनस मिला था. बोनस फॉर्मूले के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 56,203 रुपये, न्यूनतम 16,929 रुपये और औसतन 39,765 रुपये बोनस मिला था. इस बार बोनस फार्मूले के तहत हुआ फार्मूले में पांच बिंदु शामिल है. उसमें उत्पादन-उत्पादकता, सुरक्षा, लाभ व क्वालिटी शामिल है. सभी प्वाइंट को मिलने से बोनस 18.67 प्रतिशत तक हो रहा था. अतिरिक्त राशि मिलाने के बाद 19.67 प्रतिशत होता है. इस समझौते में मैनेजमेंट की तरफ से एमडी अनूप त्रिवेदी, चीफ एचआर नीना बहादुर, बीपी आशीष भादुरी, एचआरए जीएम राजेश त्रिपाठी, जीएम इंद्रनील विश्वास, फाइनेंस हेड पीयूष कुमार जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष विजय खान, जनरल सेक्रेटरी संजय सिंह, जॉइंट जनरल सेक्रेटरी हुसैन कादरी, वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक श्रीवास्तव, शशिकांत वर्मा, संतोष साहू, प्रवीण राय, निशांत कुमार, रवि उपाध्याय, अनुपम सिंह, अमित कुमार सिंह, आदित्य राज, टीके चंद्रदीप, संतोष साहू आदि उपस्थित थे.












