जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मीटिंग के दौरान यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कमेटी मीटिंग के अंत में कमेटी मेंबरों को संबोधित किया. वे इस बार काफी आत्मसम्मान के साथ सदन में मौजूद थे. उन्होंने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए सीधे चुनौती दी कि तत्काल चुनाव कराया जाये. अगर वे ठीक काम नहीं कर रहे है तो उनको हटा दिया जाये. हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है. महामंत्री चाहे तो चुनाव अभी करा सकते है. उन्होंने कहा कि मीटिंग काफी शांतिपूर्ण तरीके से चली. इसके लिए सब छोटे-बड़े भाई का बहुत-बहुत धन्यवाद क्योंकि अगर कुछ भी ऊटपटांग होता है तो उस पर पूरा जमशेदपुर की नजर होती है, प्रबंधन की नजर होती है. इससे सबकी इज्जत खराब होती है. फिर टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि 2021 के चुनाव में हम जीत कर आए. कर्मचारी ने हम पर भरोसा किया, हमें जिताकर भेजा और फिर 2024 के चुनाव से पहले हमने कॉमन ग्रेड स्ट्रक्चर का समझौता किया. उन्होंने कहा कि हम जानते थे कि इस पर सवाल उठेंगे, हमला होगा, राजनीति होगी. फिर भी हम पीछे नहीं हटे. हम लोगों ने कॉमन ग्रेड में हस्ताक्षर किया और हस्ताक्षर करने के बाद हम फिर चुनाव में गए, और यही टीम, टॉप थ्री जीत कर वापस आई. लगभग सारे पदाधिकारी जीत कर वापस आए. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने ग्रेड रिवीजन पर कहा कि इतिहास निकाल कर देख लीजिए, सबसे कम दिनों में, सबसे पहले ग्रेड रिवीजन हमने किया है. ग्रेड रिवीजन कभी बहुत ज्यादा लोकप्रिय नहीं होता, परंतु अपनी काबिलियत के मुताबिक हमने अपना बेस्ट दिया है, जो हो सकता था, हम लोगों ने किया है. चुनाव पर अध्यक्ष ने खुला चैलेंज दिया और कहा कि चुनाव कराना है तो कराइए, मुझे किसी भी व्यक्ति विशेष से एलर्जी नहीं है. हम अगर खराब हैं तो आपका सीक्रेट बैलेट उसमें जोर-जबरदस्ती नहीं चलेगी. श्री चौधरी ने कहा कि वे रवि के साथ जीते थे, एक वोट से जीते थे. लेकिन क्या हम रवि जी को गाली देने लगे थे? नहीं. परंतु इस बार जीत के भी आया आदमी और गाली भी देने लगा. हम तो हाथ जोड़कर हाउस में उनके लिए भी वोट मांगे थे. टन्नु चौधरी ने कहा कि कुछ लोग सोचते हैं कि क्राइसिस होगा और लीडरशिप बदनाम होगा. भाई चुनाव आएगा, जब कराइए. हम तैयार हैं. हाउस जब चुनाव कराए, पहले भी हो सकता है. ऐसा थोड़ी है कि लास्ट में जाके होगा, सर्टिफिकेट डेट में जाके होगा. अरे हम खराब परफॉर्मेंस कर रहे हैं तो मेरे को जल्दी बताया जाए, अच्छे लोग को जल्दी लाया जाए, तब कर्मचारी का भला होगा. चुनाव समय पर कराइए, जल्दी कराइए और वन डे मैच की तरह माहौल रहे, वन डे मैच क्रिकेट स्पोर्ट्समैन स्पिरिट रहे. लड़ाई-झगड़ा ना हो. श्री चौधरी ने कहा कि तेंदुलकर ही हमेशा बैटिंग करेगा, सहवाग समेत कई खिलाड़ी भी बेहतर परफार्मेंस कर सकता है. अंत में एक लाइन में श्री चौधरी ने बात को समाप्त किया और कहा कि मुद्दा को लहरा के सामने वाले को नीचे दिखाना लीडरशिप नहीं है, मुद्दा से लड़ के मुद्दा को कराना ही लीडरशिप है.












