जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) की अधीकृत यूनियन जुस्को श्रमिक यूनियन का चुनाव को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होगी. गुरुवार को ही फैसला भी आ जाने की उम्मीद है. इस आदेश का इंतजार यहां के कर्मचारी और अधिकारी कर रहे है. इस मामले में सारे पक्षों को लेकर सुनवाई हो चुकी है. जुस्को श्रमिक यूनियन मेंह नयी कार्यकारिणी के लिए मार्च 2020 में कंपनी परिसर में आमसभा हुई थी. शिकायतकर्ता एसएल दास का आरोप है कि आमसभा की पूरी प्रक्रिया नहीं अपनायी गयी. खुद रघुनाथ पांडेय ने आमसभा करायी और खुद अध्यक्ष बन गये. को-ऑप्सन की प्रक्रिया भी नहीं अपनायी गयी. बाद में चलकर इस मामले में विपक्ष के नेता गोपाल जायसवाल भी सक्रिय हो गये. गोपाल जायसवाल ने भी झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की और इसमें अपना पक्ष रखा है. इस मामले में रघुनाथ पांडेय, श्रम विभाग, एसएल दास, गोपाल जायसवाल समेत अन्य लोगों का बयान हो चुका है. सभी की गवाही हो जाने के बाद अब सिर्फ इंतजार किया जा रहा है कि कब फैसला आ जाये.





