
जमशेदपुर : जमशेदपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर जादूगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के तुरामडीह और माहुलडीह माइंस के कर्मचारी हड़ताल पर चले गये है. कर्मचारियों का वेतन काटे जाने से कर्मचारियों में काफी गुस्सा है, जिसके खिलाफ यूसिल के गेट पर सारे लोग बैठ गये है. सारे लोग काटे गये पैसों को वापस देने की मांग कर रहे है. भारत सरकार एक ओर जहां उद्योगों और व्यापारियों को कह रही है कि लॉकडाउन के दौरान सबको वेतन देते रहा जाये और वेतन का भुगतान किया जाये, वहीं, भारत सरकार का ही उपक्रम यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने अपने ही कर्मचारियों का वेतन काट दिया है.

इन लोगों का कहना है कि कर्मचारियों का वेतन काम करने के बावजूद काट दिया गया है, जो सरासर गलत है. इसको तत्काल ठीक किया जाये और कर्मचारियों के काटे गये पैसे को वापस किया जायेगा. गुरुवार को ए शिफ्ट की ड्यूटी पर लोग पहुंचे, लेकिन गेट पर ही जम गये. उनका कहना है कि जब तक उनका वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है, तब तक वे लोग काम पर नहीं जायेंगे और काम होने भी नहीं देंगे. तुरामडीह के साथ माहुलडीह के कर्मचारी अप्रैल माह में काम भी किये है, लेकिन उनका भी वेतन काट दिया है.

मुख्य गेट पर जमकर सारे लोगों ने कामकाज को ही बंद कर दिया है. दूसरी ओर, यूसिल के अधिकारियों का कहना है कि अप्रैल माह में जब सरकार ने लॉकडाउन का नोटिफिकेशन निकाला था, उस समय का कोई पैसा नहीं कटा है. सरकारी आदेश के अनुसार 15 अप्रैल से प्लांट का ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन कई मजदूर लॉकडाउन की आड़ में किसी तरह का काम नहीं किया, जिस कारण उनके वेतन को काटा गया है. लेकिन कुछ त्रुटियां रहेगी तो उकको दूर कर दिया जायेगा.



