
जमशेदपुर : टाटा स्टील जमशेदपुर में नया पिकनिक स्पॉट बनाने जा रही है. इसके लिए नयी जगह की तलाश की जा रही है जबकि जमशेदपुर के साकची कालीमाटी रोड बारी मैदान के बगल में लाखों रुपये खर्च कर बनाये गये कालीमाटी पिकनिक स्पॉट को बंद कर दिया जायेगा. वह टाटा स्टील के विस्तारीकरण के जद में आयेगा. यह जानकारी टाटा स्टील के ज्वाइंट वर्क्स काउंसिल (जेडब्ल्यूसी) की बैठक में मैनेजमेंट की ओर से टाटा वर्कर्स यूनियन को दी गयी. इस मीटिंग में जेडब्ल्यूसी के चेयरमैन सह टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय जबकि मैनेजमेंट की ओर से टाटा स्टील यूटिलिटीज कंपनी लिमिटेड (पहले जुस्को जिसको जानते थे) के एमडी तरुण डागा समेत अन्य लोग मौजूद थे. मीटिंग के दौरान कोरोना वायरस से बचाव पर ध्यान देने पर जोर सभी ने दिया. इस दौरान यह मुद्दा यूनियन की ओर से उठाया गया कि कालीमाटी पार्क को बनाने के बाद से बंद कर दिया गया है, जिसको शुरू किया जाना चाहिए. इस पर जुस्को एमडी ने कहा कि उस पार्क को बंद किया जायेगा क्योंकि वह कंपनी के विस्तारीकरण की जद में आ रहा है.

नये स्थान पर पिकनिक स्पॉट बनाने को लेकर जगह का चयन किया जा रहा है. यहीं नहीं, डिमना में पिकनिक स्पॉट को और विकसित किया जायेगा जबकि उसका सौंदर्यीकरण भी किया जायेगा. इसके अलावा टाटा स्टील अपने कर्मचारियों को दिये गये क्वार्टरों के पीछे वाले एरिया में भी लाइट लगाने जा रही है. चूंकि, क्वार्टरों के पीछे के एरिया में लाइट नहीं होने के कारण कई गलत गतिविधियां होती थी, इस कारण उसको रोकने के लिए यह जानकारी दी गयी कि 500 क्वार्टरों के पीछे लाइट का बंदोबस्त किया जायेगा. यहां यह भी जानकारी दी गयी कि बर्मामाइंस की ओर भी टाटा स्टील का विस्तारीकरण होना है, जिसके लिए क्वार्टरों को तोड़ा जा रहा है. करीब 600 क्वार्टरों को तोड़ा जायेगा, जिसके तहत यूनियन के डिमांड पर मैनेजमेंट तैयार हुई है कि कर्मचारियों को क्वार्टर तोड़ने पर दी जाने वाली सुविधा मिलेगा. इसके अलावा जुस्को के अधिकारियों ने जानकारी दी कि कदमा केडी फ्लैट में एक कार गैरेज का अतिक्रमण का मुद्दा था, जिसको हटा दिया जा रहा है. इसके अलावा यह भी जानकारी दी गयी कि वर्तमान में साकची गोलचक्कर से लेकर साकची रामलीला मैदान तक के एरिया के सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है, जिसका काम इस वित्तीय वर्ष में पूरा हो जायेगा. जर्जर हो चुके क्वार्टरों में नल समेत अन्य सामानों की चोरी को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का भी फैसला लिया गया. यहां यह भी जानकारी दी गयी कि साकची के विवेकानंद स्कूल के पास के मैदान में चूंकि बाहरी लोगों और बसों का स्टैंड बनता जा रहा था, जिसको देखते हुए वहां बाउंड्री वाल तैयार कर दिया गया है ताकि कोई बाहरी व्यक्ति वहां नहीं बैठ सके. जुस्को ने यहां जानकारी दी कि अभी क्वार्टरों के रिपेयरिंग का काम बंद होगा, जिसको टीआरएम जॉब कहते है जबकि कोई नया पानी और बिजली का कनेक्शन नहीं दिया जायेगा, सिर्फ पुराने ही कनेक्शन का मेंटेनेंस किया जायेगा. रोड का सैनिटाइजेशन का काम किया जायेगा. वर्तमान में जुस्को ने जानकारी दी है कि 64 वर्ग मीटर के सड़क को सैनिटाइज किया जा चुका है. इसके अलावा वीआइपी बंगला, जेआरडी स्पोटर्स, एयरपोर्ट को भी सैनिटाइज कर दिया गया है.



