
देवघर : देवघर पुलिस को बाइक चोर गिरोह के उद्भेदन में बड़ी कामयाबी मिली है। देवघर शहरी क्षेत्र में पिछले कुछ माह में लगातार हो रही बाइक चोरी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही ताबड़तोड़ छापेमारी के क्रम में पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 11 बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11 चोरी गई बाइक बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इनसे 5 मोबाइल फोन और बाइक के पार्ट्स भी जब्त किए हैं। अभी कुछ ही दिन पहले पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ चार बाईक चोरों को गिरफ्तार किया था। इसकी जानकारी देते हुए देवघर एसपी अश्वनी कुमार सिन्हा ने बताया कि लगभग एक सप्ताह के अंदर पुलिस को 15 बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। बिहार का सीमावर्ती जिला होने के कारण देवघर इन बदमाशों का सॉफ्ट कॉरिडोर बन गया है। गिरफ्तार बाइक चोरों से कड़ी पूछताछ कर पुलिस इनके पूरे गिरोह का सुराग खंगालने की कोशिश की जा रही है।





