
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को स्थित मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह थापर और सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष पुष्पा रानी तिर्की के अलावा अन्य लोगों पर नाबालिग के साथ यौन शोषण करने का आरोप लगने के बाद से ही सभी फरार थे. इधर जमशेदपुर पुलिस भी सभी की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी. आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और चार अभियुक्तों को पुलिस ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली से गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सात जून को मामला दर्ज होने के बाद आखरी बार पुष्प रानी तिर्की को 8 जून को ट्रस्ट में चोरी छुपे आते देखा गया था. यहां से सभी सड़क मार्ग ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली चले गए थे. इधर पुलिस भी सभी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी. बता दे कि बीते दिनों ट्रस्ट से दो नाबालिग फरार हो गई थी. पुलिस ने दोनों को बिरसानगर जोन नंबर दो से बरामद किया था. दोनो ने पुलिस को बताया था कि ट्रस्ट के संचालक हरपाल सिंह थापर उसके साथ यौन शोषण करते थे. पहनने को कपड़े नही देते थे. वार्डन गीता देवी से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी जिस कारण वे दोनो भाग गई. इस मामले में हरपाल सिंह, सोनी केविड, गीता देवी, सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष पुष्पा तिर्की और आदित्य सिंह पर छेड़खानी और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था. इधर एनसीपीसीआर ने मामले को संज्ञान में लिया और जिले के उपायुक्त को सात दिनों में जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा था. इस मामले में यह भी बात सामने आई थी कि ट्रस्ट के लिए जो सरकारी सहयोग आता था उसे हरपाल सिंह अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था. बुधवार को पुलिस सभी को शहर ले आएगी.




