
जमशेदपुर : जमशेदपुर की बर्मामाइंस थाना अंतर्गत एचएसएम पार्किंग गेट के पास 9 दिसंबर को विशाल कुमार से मोबाइल, नकद और उनकी बाइक लूटने के मामले का खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने मानगो रोड नंबर 15 निवासी दीपक कुमार सिंह उर्फ छोटू और साकची आम बगान निवासी शमीम अली उर्फ खाण्डे को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर बाइक के इंजन को एनएच स्थित एक गैरेज से और मोबाइल को शमीम अली के पास से बरामद किया है. इसके अलावा पुलिस ने बाइक के दोनों टायर भी बरामद किए है. पूछताछ में दीपक ने पुलिक को बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों ने पहले बाइक को अलग-अलग किया और उसे बेच दिया. इंजन को दीपक ने हाइवे के एक गैरेज में बनाने को दिया था. जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजू ने बताया कि घटना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया जिसमें एसआई कौशल कुमार, एसआई विकास कुमार, एएसआई राम कुमार उपाध्याय, आरक्षी अमर सिंह राठौड़ के अलावा चालक मोनू कुमार और रिजर्व गार्ड मौजूद रहे. छापेमारी के दौरान टीम ने पहले दीपक को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दीपक ने शमीम का भी नाम बताया जिसके बाद पुलिस ने शमीम को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया. दीपक पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है वहीं शमीम भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है.





