
Saraikela : ईचागढ़ विधानसभा सीट पर इस विधानसभा चुनाव में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. स्थानीय भाजपा विधायक साधु चरण महतो के लिए यहां से दोबारा टिकट प्राप्त करना टेढ़ी खीर साबित हो सकती है. जिस प्रकार से पिछले 5 साल से लगातार वर्तमान विधायक विवादों में रहे हैं उससे पार्टी आलाकमान उन्हें आसानी से टिकट दे देगी यह संभव नहीं लग रहा. उसके बाद भाजपा- आजसू गठबंधन के पेंच में भी यह सीट फंसता दिख रहा है. वहीं अगर वर्तमान विधायक साधु चरण महतो को यहां से टिकट मिल भी जाता है तो यहां से इतने दावेदार हैं कि यह सीट निकालना अब भाजपा के लिए आसान नहीं होगा. समाज सेवा के रास्ते राजनीति में प्रवेश करने वाले हरेलाल महतो, झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेत्री सह पूर्व डिप्टी सीएम की पत्नी सविता महतो, पूर्व बाहुबली विधायक अरविंद सिंह के साथ राजनीतिक पंडितों के अनुसार आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो भी यहां से किस्मत आजमा सकते हैं. ऐसे में सबकी निगाहें भाजपा- आजसू गठबंधन पर टिकी है. उधर सभी नेता क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं, और जीत का समीकरण बनाते नजर आ रहे हैं.



