सरायकेला : जेपीएससी व जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितता व रांची में छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया था. राज्यव्यापी बंद का सरायकेला जिले में कोई खास असर देखने को नहीं मिला. जिला मुख्यालय से लेकर आदित्यपुर, गम्हरिया, चांडिल व कपाली तक सामान्य दिनों की तरह जनजीवन चलता रहा. बाजार की दुकानें व स्कूल-कॉलेज खुले रहे. सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी जारी रही.सुबह से ही सरायकेला के प्रमुख बाजारों में दुकानों के शटर खुले रहे. लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां भी सामान्य रूप से चलती रहीं. बस, ऑटो और अन्य वाहनों का परिचालन भी रोज की तरह हुआ. (नीचे भी पढ़े)
सरकारी और निजी कार्यालयों में कामकाज सामान्य रहा. बैंक और पेट्रोल पंप खुले रहे, जिससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. जिले के किसी भी प्रमुख इलाके से बंद समर्थकों द्वारा दुकानों को जबरन बंद कराने या सड़क जाम करने की सूचना सामने नहीं आई.प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई थी. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई. बंद का व्यापक असर भले ही नहीं दिखा, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ स्थानों पर प्रदर्शन जरूर किया. कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की. भाजपा नेताओं ने लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की.







