
रांची : झारखंड भाजपा के विधायक दल के नेता का चुनाव होने के बाद यह संभव है कि 25 फरवरी को भाजपा के नये प्रदेश अधय्क्ष की घोषणा कर दी जाये. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर दीपक प्रकाश (वर्तमान महामंत्री), गणेश मिश्रा (प्रदेश भाजपा में प्रशिक्षण देखने वाले), प्रदीप वर्मा (भाजपा के संथाल परगना के प्रभारी रहे), रवींद्र राय (भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष), सुनील कुमार सिंह (चतरा के सांसद), अनंत ओझा (विधायक) का नाम चल रहा है. बताया जाता है कि इस बार प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही प्रदेश कमेटी की जल्द घोषणा कर दी जायेगी. भाजपा में झाविमो के विलय के बाद बाबूलाल मरांडी की दमदार इंट्री हो चुकी है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी बोल चुके है कि न सिर्फ बाबूलाल मरांडी बल्कि उनके साथ आये हुए लोगों को भी बेहतर स्थान दिया जायेगा. सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कमेटी में बाबूलाल मरांडी के लोगों को भी तरजीह दी जायेगी. सूत्र बताते है कि दो लोग अगर कमेटी में भाजपा के पुराने लोग होंगे तो बाबूलाल मरांडी के करीबी एक नेता को भी इसमें जगह दी जायेगी, जैसे महामंत्री के तीन पद पर दो भाजपा के नेता का पदस्थापन होगा जबकि एक नेता बाबूलाल मरांडी के साथ आने वाले को शामिल कराया जायेगा. इसके लिए झाविमो में प्रधान महासचिव का पद संभाल चुके अभय सिंह को भी बड़ी जिम्मेदारी दी जायेगी. सूत्र बताते है कि इसके लिए लगभग तैयारियां की जा चुकी है और निश्चित तौर पर नयी कमेटी पर सबकी निगाहें टिकी हुई है. प्रदेश अध्यक्ष के पद से पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा पहले ही इस्तीफा दे चुके है. लक्ष्मण गिलुवा पहले संसदीय चुनाव हारे थे और विधानसभा चुनाव भी हार चुके थे. विधानसभा चुनाव में घटिया प्रदर्शन के लिए भी लक्ष्मण गिलुवा ने अपने आपको जिम्मेदार ठहराते हुए अपना पद छोड़ा है, जिसके बाद से उनको कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष रखते हुए भाजपा काम कर रही है. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड प्रभारी ओम माथुर, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अरुण सिंह, भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक पी मुरलीधर राव समेत तमाम वरीय अधिकारी झारखंड में ही है और यह तैयारी की गयी है कि उन लोगों के रहते हुए नये प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाये.






