जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय के करीबी रहे मुकुल मिश्रा ने भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) छोड़ दिया है. मुकुल मिश्रा उस वक्त सरयू राय के साथ थे, जब उन्होंने भाजपा छोड़ दिया था और भाजपा के उनके कई करीबी सरयू राय को छोड़ दिये थे. तब वे ही उनके एजेंट बने थे और चुनाव में साथ दिये थे, जिसके बाद वे जमशेदपुर पूर्वी से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को हराया था. उन्होंने सरयू राय की पार्टी भाजमो से इस्तीफा विरोध स्वरुप दिया है. उन्होंने पार्टी के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में विलय किये जाने के खिलाफ यह इस्तीफा दिया है, जिसमें उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे गये इस्तीफा में लिखा है कि वे भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) के पश्चिम विधानसभा के संयोजक एवं प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य है. वे अपने पद एवं पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
चूंकि, भारतीय जनतंत्र मोर्चा का विलय जदयू मे हो रहा है. लगभग इसकी सारी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं. वे फिलहाल जदयू में शामिल होना नहीं चाहते इसलिए वे व्हाट्सएप के माध्यम से अपना इस्तीफा भेज रहे हैं. उन्होंने इस्तीफा को स्वीकार करने की अपील की है. सोनारी के रहने वाले मुकुल मिश्रा का इस्तीफा उस वक्त आया है, जब विधानसभा का चुनाव होने वाला है और सरयू राय को जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव में उतारने की तैयारी की गयी है. जाहिर सी बात है कि यह सरयू राय को बड़ा झटका के सामान है. उनके विरोधी इससे उत्साहित हो गये है.




