
जमशेदपुर : झारखंड भाजपा में लगातार वर्चुअल रैली हो रही है. गुरुवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने वैश्विक महामारी कोविड 19 के बचाव हेतु प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए कदमों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि जनता कर्फ्यू तथा लॉकडाऊन जैसे कदमों से करोना के सामुदायिक फैलाव को रोका जा सका है. सैकड़ों श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक सकुशल वापस पहुँचाकर केन्द्र सरकार ने संवेदनशीलता दर्शाया है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि शीघ्र ही हम करोना संकट से निजात पाएंगे. डॉ गोस्वामी गुरुवार को पार्टी की राज्य इकाई द्वारा आयोजित राजमहल विधानसभा के वर्चुअल सभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे. डॉ गोस्वामी ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के 1 वर्ष के दौरान गरीबों के उन्नयन हेतु अनेक योजनाएं प्रारम्भ किया है. देश के किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी, उद्यमी तथा कारीगरों के बल पर आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए केन्द्र ने 20 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज घोषित किया है. लोग स्थानीय उत्पाद खरीदें तथा विदेशों में बने वस्तुओ से परहेज करें. प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के सुरक्षा कवच तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना के साकार होते ही देश मौजूदा संकट से बाहर आ जाएगा. डॉ गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर केन्द्र सरकार अत्यंत गंभीर है. जम्मू कश्मीर से धारा 370 समाप्त कर प्रधानमंत्री ने अलगाववादी ताकतों के मंसूबों को ध्वस्त कर दिया है. पड़ोसी चीन भी समझ ले कि अब भारत 1962 नहीं अपितु सन् 2020 का भारत है जिसका नेतृत्व नरेन्द्र मोदी जैसे मजबूत एवं कुशल व्यक्तित्व के पास है. डॉ गोस्वामी ने राजमहल के विधायक अनंत ओझा तथा वहां के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनता को साहेबगंज में बंदरगाह निर्माण के लिए बधाई दी. बंदरगाह खुल जाने से हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सॄजित हुए हैं.

चतरा सांसद सुनील कुमार की वर्चुअल रैली शुक्रवार को, जमशेदपुर पूर्वी के कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
चतरा के सांसद सुनील कुमार सिंह शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा समेत जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. मोदी सरकार 2.0 के एक वर्ष के पूर्ण होने पर शुक्रवार दोपहर 1 बजे चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह जमशेदपुर महानगर के फेसबुक पेज के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे. गुरुवार शाम जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर जनसभा की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वर्चुअल रैली के निमित्त सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है. उन्होंने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं भाजपा समर्थकों से जमशेदपुर महानगर के फेसबुक पेज से जुड़ने की अपील की है.

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की वर्चुअल रैली शुक्रवार को, पाकुड़ विधानसभा के कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्षगाँठ पर भारतीय जनता पार्टी अपने चिर-परिचित अंदाज में जनता के बीच सरकार के कार्यों की रिपोर्ट कार्ड पेश कर रही है। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पाकुड़ विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वर्चुअल रैली के माध्यम से दोपहर 12 बजे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने फेसबुक पेज से लाइव कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. ज्ञात हो कि पूरे प्रदेश में पार्टी के वरीय नेतागण मोदी सरकार की उपलब्धियाँ समेत राज्य में महागठबंधन सरकार की विफलता से जनता को अवगत करा रहे हैं। उपरोक्त जानकारी भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर दी.














