
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मंत्री और जमसेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने झारखंड सचिवालय में मुख्य सचिव और नगर विकास सचिव से मुलाकात की. श्री राय ने दोनों अधिकारियों से अनलॉक-2 में राज्य के होटल और हजामत व्यवसाय को खोलने तथा बसों का परिचालन शुरू कराने की तर्कसंगत बातें उनके समक्ष रखा और ज़ोर दिया कि इस बारे में अतिशीघ्र निर्णय होना चाहिये. हरियाणा-यूपी की तरह बस परिवहन को टैक्स छूट झारखंड सरकार भी दें तथा होटलों और अन्य उद्यमों में बिजली का फ़िक्स चार्ज सरकार माफ़ करे, किसी का कनेक्शन नहीं कटे. मुख्य सचिव का रूख सकारात्मक था. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बात कर वे इस बारे में शीघ्र निर्णय करायेंगे. राज्य के भीतर बसों का परिचालन शीघ्र होने की संभावना है. श्री राय ने जमशेदपुर की गलियों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम अक्षेस व नगरपालिका या नगर निगम को सौंपने वाला भारत सरकार की संस्था इइसीएल को इस काम से अलग करने को कहा जिसे उन्होंने स्वीकार किया और कहा कि सरकार इस पर शीघ्र निर्णय लेगी. उन्होंने कहा कि मानगो, जुगसलाई नगर निकायों के चुनाव अन्य निकायों के साथ कराया जायेगा. बिरसानगर मोहरदा जलापूर्ति योजना की कमियों को दूर करने के लिये वे जुस्को से बात करेंगे. जमशेदपुर अक्षेस में नगर निगम बनाम औद्योगिक शहर का विवाद हल करने, जमशेदपुर पूर्व के बगान एरिया में पानी, बिजली, सफ़ाई समस्या दूर करने के लिये जुस्को से बात करने पर सहमति बनी. इस बारे में संबंधित विभागों से सचिव स्तर पर बात होगी.




