
रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को आत्म निर्भर एवं विश्वगुरू बनाने का संकल्प व्यक्त किया है. श्री प्रकाश सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि 7 नवंबर को पार्टी की ऐतिहासिक और सफल राष्ट्रीय कार्यसमिति सेमी वर्चुअल तरीके से हुई. इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा एवं अन्नपूर्णा देवी नई दिल्ली में शामिल हुए. स्वयं तथा नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह रांची से वर्चुअल तरीके से जुड़े. दीपक प्रकाश ने बताया कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व में पार्टी के सांगठनिक विस्तार, सम्पन्न कार्यक्रमो एवम भावी कार्यक्रमो, योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. कोरोना टीकाकरण में 100 करोड़ से ज्यादा आंकड़ा पार करने के लिये प्रधानमंत्री का सभी ने खड़े होकर अभिवादन किया. पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह एवं अमित शाह ने माला पहनाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि पार्टी के राजनीतिक प्रस्ताव में राम मंदिर निर्माण के मार्ग को प्रशस्त किये जाने, धारा 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक का खात्मा, नागरिकता संशोधन कानून लागू किये जाने का स्वागत किया गया. साथ ही देश की मिट्टी की खुशबू से सराबोर राष्ट्रीय शिक्षा नीति, पंच तीर्थ के माध्यम से बाबा साहब को दुनिया भर में महिमा मंडित करना, सिखों के सर्वांगीण विकास एवं उनके सम्मान की रक्षा के लिये उठाये गए कदमो की सराहना की गई. सांसद ने कहा कि पार्टी के नेता और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व मे भारत की बढ़ती साख के साथ बढ़ता भारत एवम बदलता भारत पर चर्चा की गई. श्री दीपक ने कहा कि कार्यसमिति में पेश किए गए राजनीतिक प्रस्ताव में ही देश को मजबूत, सशक्त और निर्णायक नेतृत्व देने के लिये प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया. प्रस्ताव में वैश्विक मंचो पर प्रधानमंत्री की बातों से दुनिया की बढ़ती सहमति की सराहना की गई. साथ ही कोरोना काल मे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से देश के 80 करोड़ लोगों को नवंबर तक मुफ्त अनाज उपलब्ध कराना, 10 करोड़ किसानों के खाते में अबतक डीबीटी के माध्यम से 1.55 लाख करोड़ रुपये की सहायता पहुचाने, देश के कृषि बजट को 2014 के पहले 23000 करोड़ से बढ़ाकर 123000 करोड़ किये जाने को कृषि एवं किसानों के लिये कल्याणकारी उपलब्धि की सराहना की गई. उन्होंने कहा कि बैठक में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद सरकार के संरक्षण में हुई व्यापक हिंसा, आगजनी, महिलाओं के साथ अत्याचार, अनाचार, निर्दोष नागरिकों की हत्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई. ऐसी लड़ाई को पार्टी द्वारा प्रजातांत्रिक तरीके से लड़ने एवं राज्य में कमल खिलाने के संकल्प व्यक्त किया गया. श्री प्रकाश ने झारखंड में बढ़ते साम्प्रदायिक तनाव, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई. पार्टी राज्य सरकार के इन नाकामियों को मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएगी तथा प्रदेश में फिर से भाजपा की मजबूत सरकार बनाएगी. झारखंड सरकार पर हमला करते हुए श्री प्रकाश ने कहा कि इस सरकार में नाच न जाने आंगन टेढ़ा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है. राज्य सरकार बताये कि दो वर्षों में इस सरकार ने कौन से दो नए कार्य किये हैं. आखिर कोरोना काल मे अन्य राज्य विकास कैसे कर रहे हैं. कहा कि यह केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू नही रोकने का प्रयास करती है और केंद्र सरकार को बदनाम करती है. सड़क, बिजली, स्वास्थ्य,कानून व्यवस्था,शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी कोई विकास नही हो रहा. केंद्रीय योजनाओं घर-घर नल-जल, शौचालय निर्माण आदि के पैसे वापस हो रहे. ग्रामीण सड़कों के निर्माण की योजनाएं नही बना पा रही सरकार. केंद्र के बकाये पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि शिबू सोरेन ने कोयला मंत्री के रूप में कितने बकाये का भुगतान कराया था.
आगामी सांगठनिक कार्यक्रमो की घोषणा
आगामी सांगठनिक कार्यक्रमो पर हुए निर्णय पर बोलते हुए श्री प्रकाश ने कहा कि 25 दिसंबर 2021 तक सभी बूथों की बूथ कमिटी बनाने का काम पूरा होगा. 6अप्रैल 2022 तक पन्ना प्रमुख बना लिए जाएंगे. साथ ही हर घर दस्तक के तहत कार्यक्रम के लिये 10 लाख हेल्थ वोलेंटियर्स पूरे देश मे सहयोग करेंगे. प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक एवं सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक भी उपस्थित थे.












