
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा ने झारखंड की हेमंत सोरेन की सरकार पर बड़ा हमला बोला है. शनिवार को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य की मौजूदगी में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक शुरू हुई. जमशेदपुर के साकची स्थित धालभूम क्लब में बनाये गये डॉ भीमराव अंबेडकर सभागार में इसकी शुरुआत हुई. इस दौरान सुबह के वक्त प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई. इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए लाल सिंह आर्य ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन की सरकार अनुसूचित जाति और दलित विरोधी है. इस दौरान उनके साथ भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी, राष्ट्रीय महामंत्री भोला सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड प्रभारी कमला देवी, केंद्रीय प्रवक्ता मुकेश कुमार, पलामू से भाजपा सांसद सह पूर्व डीजीपी बीडी राम, शिवधारी राम, राष्ट्रीय मंत्री जीतू राम समेत अन्य लोग मौजूद थे. राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि दो दिनों तक राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा होगी और झारखंड सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाने को लेकर रणनीति तय की जायेगी. उन्होंने बताया कि आगामी तीन माह में किस तरह से काम किया जाना है, उस पर विस्तार से चर्चा की जायेगी. संगठन का विस्तार भी किया जाना है. इसके अलावा 100 से ज्यादा अनुसूचित जाति से जुड़े लोगों वाले इलाके में टोली का गठन किया जायेगा. श्री लाल ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जायेगा और 6 दिसंबर तक संविधान से जुड़ी चीजों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होगा जबकि 6 दिसंबर को संविधान गौरव अभियान चलाया जायेगा. 26 नवंबर को संविधान गौरव यात्रा निकाली जायेगी, जिस दौरान प्रतिभा सम्मान भी होगा. लोगों के बीच क्विज का भी आयोजन किया जायेगा.
हेमंत सोरेन की सरकार संविधान विरोधी
लाल सिंह आर्य ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बराबरी का हक सबको देने का संकल्प लिया था, लेकिन बराबरी का अधिकार अनुसूचित जाति और दलित लोगों को नहीं दिया. उन्होंने बताया कि हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अनुसूचित जाति के लोगों का जाति प्रमाण पत्र तक नहीं बन पा रहा है. राजस्थान के बाद झारखंड और छत्तीसगढ़ ही ऐसा राज्य है, जहां दलित और अनुसूचित जाति की महिलाएं सुरक्षित नहीं है और लगातार रेप की घटनाएं हो रही है. कांग्रेस ऐसी सरकार की समर्थक है. अब तक झारखंड सरकार ने अनुसूचित जाति आयोग का गठन नहीं किया, जिसकी शुरुआत रघुवर दास की भाजपा की सरकार ने की थी. पोस्ट मैट्रिक की छात्रवृति का पैसा भी एससी छात्रों को नहीं दिया जा रहा है. हेमंत सोरेन की सरकार लगातार धर्मांतरण करा रही है और अनुसूचित जाति और दलित लोगों का अस्तित्व मिटाने का काम कर रही है. उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार अनुसूचित जनजाति और जाति से जुड़े लोगों का उत्थान करने में लगी हुई है, जिसके तहत ही नरेंद्र मोदी जनजाति गौरव दिवस 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की याद में मनाने जा रहे है. उन्होंने बताया कि ढाई साल में सरकार ने लगातार लोगों को लूटने का काम किया है. वैसे कांग्रेस खुद सरकार से असंतुष्ट है औरआग लग चुकी है और ढाई साल भी सरकार चल पायेगी, यह भी उम्मीद नहीं है. महंगाई के सवाल पर श्री लाल ने कहा कि मुफ्त वैक्सीन देने का काम केंद्र सरकार कर रही है. पेट्रोल और डीजल के पैसे को लेकर पूर्ववर्ती सरकार ने जो पाप किया है, उसको धोने में मोदी की सरकार लगी हुई है.
शनिवार को रघुवर दास ने लिया हिस्सा, रविवार को राजनीतिक प्रस्ताव पारित होगा, बाबूलाल मरांडी हिस्सा लेंगे
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया. रविवार को यहां राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया जायेगा, जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी हिस्सा लेंगे.











