
नयी दिल्ली : उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनाने की जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रघुवर दास के कंधों पर दी गयी है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गयी है, जिनको उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में पार्टी के विधायक दल के नेता का चुनाव कराने और सरकार बनाने की जिम्मेदारी दी गयी है. इसके तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गयी है. इसके अलावा उत्तराखंड में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को जिम्मेदारी दी गयी है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजीजू को मणिपुर जबकि केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री एल मुरुगन को गोवा की जिम्मेदारी दी गयी है.





