
चाईबासा : पंचम झारखण्ड विधानसभा में कोल्हान के विद्यायकों द्वारा हो भाषा में पद एवं गोपनीयता का शपथ लेने की खबर पाकर यहां आदिवासी हो समाज युवा महासभा के सामाजिक कार्यकर्ताओं में हर्ष है। लोगों ने उत्साहपूर्वक हो भाषा में शपथ ग्रहण करनेवाले कोल्हान के विद्यायकों के प्रति धन्यवाद सह सामाजिक आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि झारखण्ड के पंचम विधानसभा में विधायकों ने हो भाषा को सम्मान देकर हो समाज का गौरव बढ़ाया है। इन विद्यायकों के द्वारा अपनी भाषा में शपथ लेने से नयी सरकार के प्रति समाज के विकास को लेकर कई सामाजिक आशाएं बढ़ गयी हैं। युवा महासभा ने आभार व्यक्त करते हुए सभी विद्यायकों से आग्रह किया है कि हो समाज के विकास एवं भाषा-संस्कृति की संवैधानिक मान्यता के लिये राज्य सरकार पहल करे। चुनाव में इस सरकार को आदिवासी समुदाय का भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है। अत: समाज को सुरक्षा दिलाने की कर्तव्य सुनिश्चित की जाये। आभार जतानेवालों में जिलाध्यक्ष गब्बर सिंह हेम्ब्रम, पूर्वी जिलाध्यक्ष सुरा बिरुली, सचिव रोशन पुरती, बबलू बिरुवा, लेबा गागराई, रेंगो सामड, कृष्णा सोय, संजीव तिरिया, योगेश पाट पिंगुवा, शेरसिंह बिरुवा, सोना सेलेम हांसदा समेत अन्य शामिल हैं।







