
मुसाबनी : मुसाबनी प्रखंड सभागार में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अजय कुमार रजक की अध्यक्षता में प्रखण्ड समन्वायकों की बैठक हुई. बैठक में स्वास्थ, पेयजल, विद्यालय, बिजली, कंपनी के पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में सर्वप्रथम प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अजय कुमार रजक ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय के वार्डन को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय की घेराबदी के लिए मापी करने का आदेश अंचल निरीक्षक को दिया गया है. जिसका प्रतिवेदन प्रखण्ड में अविलंब जमा करने को कहा गया है. चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गयी कि किसी भी उप स्वास्थ्य केन्द्र में बिजली का कनेक्शन नहीं है. प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि बिजली विभाग को 10 दिन के अंदर सभी उप स्वास्थ्य केन्द्र में बिजली का कनेक्शन कराया जाये. निर्देश दिया गया कि दिनांक 17 और 18 जनवरी 2020 को पल्स पोलियो के लिए एक बैठक की जायेगी. बैठक में आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि इस माह का राशन सभी सबरों के बीच शत-प्रतिशत प्रतिशत चावल का वितरण कर दिया गया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इस माह के अन्त तक किसी भी दिन कैम्प लगा कर दिव्यांगों का प्रमाण-पत्र बनायें. साथ ही कर्मियों का वेतन / मानदेय बकाया है तो उसे अभिलम्ब भुगतान करने को कहा गया. कृषि पदाधिकारी को कहा गया कि मुसाबनी लैम्पस में 12000 क्विंटल धान प्राप्ति किया जाना है एवं किसी भी प्रकार का बीज अभी तक नहीं आया है. केसीसी आवेदन 454 प्राप्त हुआ है. जिसमे से 351 का निष्पादन कर दिया गया है. बैठक में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने बताया कि पारूलिया पंचायत के खेलाडीह में निरीक्षण के क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र बंद पाया गया एवं ग्रामीणों द्वारा बताया गया के यह आंगनबाड़ी अक्सर बंद रहता है. महिला पर्यवेक्षिका को निर्देश दिया गया कि पारूलिया पंचायत के सभी आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करें. जिसका जांच प्रतिवेदन एक सप्ताह के अंदर प्रखण्ड कार्यालय को देना है. महिला पर्यवेक्षिक द्वारा बताया गया कि मुसाबनी प्रखण्ड में कुल 102 आंगनबाड़ी केन्द्र में 4 महिला पर्यवेक्षक का पद है, जबकी सारे कार्यों का निष्पादन एक ही महिला पर्यवेक्षिका द्वारा किया जा रहा है. वन विभाग के प्रतिनिधि के द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की जमीन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिला है. इस कारण उन लाभुकों को जमीन उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है. बैठक में सभी पदाधिकारी उपस्थित थे.















