
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के कुचियाशोली गांव में मंगलवार की दोपहर चाकुलिया से कुचियाशोली की ओर जा रहा ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 33 ए 4289 अनियंत्रित होकर बोलो मुर्मू के घर में घुस गया. ट्रक के घुसने से मिट्टी के घर की दीवार टूट गयी है. इस सड़क हादसे में किसी को चोट नही लगी है. ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक चालक नशे में गाड़ी चला रहा था. ट्रक की गति पर चालक का नियंत्रण नहीं होने के कारण ट्रक सड़क किनारे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए बोलो मुर्मू के घर में घुस गया. घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली. वहीं ट्रक मालिक घटना की सूचना पाकर गांव पहुंचे और घर मालिक को क्षतिपूर्ति राशि देने की बात कही है. समाचार लिखे जाने तक वार्ता जारी है.







