
जमशेदपुर : देश भर से मजदूर वर्ग पैदल ही अपने गांवों की ओर कूच कर गया है. ऐसे ही मजदूरों को जमशेदपुर में भी रखा गया है. ऐसे ही 55 मजदूरों को जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित बालक मध्य विद्यालय, जुगसलाई में रखा गया था. उनको क्वारंटाइन में प्रशासन की ओर से रखा गया था. उनके स्वास्थ्य की जांच की गयी थी और यह कहा गया था कि उनको वहीं 14 दिनों तक रहना है, जिसके बाद उनको गंतव्य स्थानों पर भेज दिया जायेगा. सोमवार को इनमें से 7 मजदूर गायब पाये गये जबकि मंगलवार को बचे हुए सारे 48 मजदूर भी गायब हो गये.
इन सारे गायब मजदूरों के बारे में पूछे जाने पर जुगसलाई के सिटी मैनेजर राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनको मालूम नहीं है कि सारे मजदूर कहां चले गये. दूसरी ओर, मंगलवार की दोपहर एक बार फिर से मुसाबनी से पैदल लौट रहे 8 मजदूरों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया और जुगसलाई के इसी स्कूल में क्वारंटाइन में रख दिया है. जुगसलाई पुलिस ने इनको टाटा पिगमेंट गेट के सामने से गुजरते हुए पकड़ा और फिर क्वारंटाइन में भेजा गया. ये सारे मजदूर बिहार के गया जिले के शेरघाटी के रहने वाले है. उनको स्कूल में ही रखा गया है. उनकी स्वास्थ्य जांच होगी, जिसके बाद 14 दिनों तक रहने के बाद ही उनको छोड़ा जा सकता है. वैसे इन सारे मजदूरों को यहां खाना पानी से लेकर हर कुछ मुहैया कराया जा रहा है. इसको लेकर दबिश बनाया गया है और अब वहां सुरक्षा के भी बंदोबस्त किये जा रहे है ताकि लोग बाहर नहीं निकल सके.















