
जमशेदपुर : झारखंड पुलिस के दिशा निर्देशों के आलोक में जमशेदपुर पुलिस ने भी मसजिदों में बाहरी लोगों के होने के शक को देखते हुए ताबड़तोड़ छापामारी की है. इसके तहत जुगसलाई पुलिस ने जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बस्ती रोड स्थित सताह मसजिद और मिल्लतनगर स्थित आयशा मसजिद में सूचना के बाद छापामारी की. इसके अलावा बागबेड़ा और परसुडीह की मसजिदों में भी जांच की गयी है. इस छापामारी के दौरान यह पाया गया कि जुगसलाई पुरानी बस्ती रोड स्थित सताह मसजिद में कुल 13 लोग बाहर से आकर करीब एक माह से रह रहे थे. वे सारे लोग ओड़िशा के है और जमात के लिए यहां आये हुए है. सताह मसजिद में ही सारे 13 लोगों को मसजिद से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गयी है और इसके लिए खुद मसजिद कमेटी को ही जिम्मेदार बता दिया गया है. इसके बाद आयशा मसजिद की भी जांच की गयी. वहां भी जांच में पाया गया कि करीब 6 लोग ऐसे है, जिसमें बाहरी लोग रह रहे थे.
इसकी जांच की गयी तो पाया गया कि ये सारे छह लोग बिहार के मुंगेर जिला के रहने वाले है और वे लोग भी करीब एक माह से मसजिद में ही रह रहे है. धर्म प्रचार के लिए वे लोग आये है. इसके तहत मसजिदों में ही सारे लोगों को क्वारंटाइन किया गया है. अब प्रशासन की ओर से उन सारे लोगों की जांच की जायेगी, जिसके आधार पर ही तय होगा कि कोरोना वायरस का खतरा था या नहीं. मसजिद कमेटी से भी पूछताछ की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में बाहरी लोगों की जांच कराये बगैर वहां रखे थे जबकि कोरोना वायरस को लेकर सभी से पुलिस और प्रशासन सहयोग मांग रही है.







