
जमशेदपुर : वैश्विक संकट के इस दौर में पूरी दुनिया थम सी गई है. इन सबके बीच कोरोना के साथ आगे बढ़ने के तकनीक का इजाद शुरू हो चुका है. वर्क फ्रॉम होम से लेकर फिटनेस विद होम की दिशा में काफी तेजी से काम हो रहा है. खासकर खिलाड़ियों को लेकर खेल के सभी संगठनों ने ऑनलाइन गेम के साथ ऑनलाइन फिटनेस पर फोकस करना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में रोल बॉल फेडरेशन भी खिलाड़ियों के फिटनेस और ऑनलाइन गेम कैसे संचालित किया जा सके इसकी शुरुआत कर दी है. जमशेदपुर में रोल बॉल फेडरेशन के इंटरनेशनल अध्यक्ष मनोज यादव ने नई तकनीक से दुनिया भर में फैले रोल बॉल के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को रू-ब-रू कराया. इस दौरान मनोज यादव ने कोरोना संक्रमण के दौरान खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए ऐसे तकनीकों को जरूरी कदम बताया. आपको बता दें कि साल 2003 में रोलबॉल की शुरुआत भारत से हुई थी. जहां आज 55 देश इस खेल को खेल रहा है, जबकि भारत ने रोलबॉल के पांच- पांच वर्ल्ड कप की मेजबानी भी की है. वैसे इस खेल के जरिए दुनियाभर के हजारों खिलाड़ी और प्रशिक्षक जुड़े हुए हैं.














