सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्रांतर्गत चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर शाम भालुककोचा के समीप ट्रक और बाइक में जोरदार टक्कर हो जाने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, महादेव महतो और प्रयागराज महतो मोटरसाइकिल से चांडिल साप्ताहिक हाट से खरीदारी कर अपने घर रावताड़ा लौट रहे थे. इसी दौरान भालुककोचा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में दोनों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि प्रयागराज महतो को अधिक चोटें आई हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि महादेव महतो चांडिल के रावताड़ा निवासी हैं, जबकि प्रयागराज महतो मूल रूप से धनबाद के रहने वाले हैं. वह कुछ दिनों से रावताड़ा स्थित अपनी बुआ के घर आए हुए थे.












