
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : एक तरफ लॉक डाउन की समस्या तो दूसरी और अब ठेकेदारों के दबाव से श्रमिक परेशान हैं। अब जब श्रमिक अपने देश लौटने की जुगत में हाथ-पांव मार रहे हैं, जनप्रतिनिधियों से गुहार कर रहे है, वैसे समय मे अब वे ठेकेदार के दबाब व षड्यंत्र की भी मार झेल रहे हैं। लेकिन राज्य के मुखिया की त्वरित कार्रवाई से अब वैसे मजदूरो के स्वदेश लौटने का रास्ता साफ हो गया है। जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर समेत जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्र के मजदूर तामिलनाडु में लॉक डाउन में फंसे थे। अब जब लॉक डाउन में ही मजदूरो को अपने गांव आने की झारखण्ड सरकार ने पहल की तो ठेकेदार ने मजदूरों को बन्धक बनाकर अपना काम करवाने की कवायद शुरू कर दी. तमिलनाडु में इस घनचक्कर मे फंसे मजदूर परेशान होने लगे. जैसा कि विधायक सुखराम उरांव ने बताया काफी संख्या में इस क्षेत्र के मजदूर तमिलनाडु में फंसे हैं। पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद विधायक सुखराम ने राज्य के सीएम हेमन्त सोरेन को ट्वीट कर पूरे मामले की जानकारी दी। झारखण्ड के मजदूरों के साथ इस प्रकार की कहानी जानकर राज्य के सीएम ने त्वरित कार्रवाई की एवम तमिलनाडु में विभिन्न इलाके में फंसे मजदूरों को तत्काल झारखण्ड भेजवाने का निर्देश दिए और अंततः हजारों की संख्या में मजदूर अब ट्रेन से स्वदेश लौट रहे हैं। ट्रेन में सवार होने के बाद मजदूरों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक सुखराम को सन्देश भेज कर आभार जताया जताया. उन्होंने कहा है कि विधायक सुखराम उरांव के भरपूर प्रयास व सीएम हेमन्त के निर्देश पर अपने देश लौटने का मौका मिला। श्रमिकों ने विधायक के पुत्र सन्नी उरांव को भी साधुवाद दिया है जो लगातार उन सभी की समस्या के समाधान की दिशा में कार्य करते रहे।
अब नही जाएंगे परदेस, नून भात खाएंगे पर अपने गांव में ही रहेंगे
तमिलनाडु में चक्रधरपुर विधानसभा समेत विभिन्न क्षेत्र के श्रमिक काम के लिए गए थे, पर लॉक डाउन के दौरान काम बंद था। उस वक्त सभी श्रमिकों को विधायक सुखराम ने व्यक्तिगत रूप से आर्थिक सहयोग किया था। साथ ही खाने पीने की सामग्री भी सीएम के माध्यम से उपलब्ध करायी थी ।अब लॉक डाउन खुला तो मजदूरों को ठेकेदार ने जबरन रोकने की भरपूर कोशिश की। स्थानीय थाना से भी सहयोग लेकर श्रमिकों को उल्टा-सीधा बोलकर डरा रहे थे। लेकिन विधायक का प्रयास रंग लाया। सीएम की त्वरित कार्रवाई पर अब श्रमिक आराम से लौट रहे हैं।
विधायक सुखराम ने सीएम हेमन्त को दिया धन्यवाद : विधायक सुखराम ने सीएम हेमन्त सोरेन को साधुवाद देते हुए झामुमो व सीएम के आईटी सेल की टीम को भी साधुवाद दिया है, जो रात-दिन कार्य कर रहे हैं.















