जमशेदपुर : कोल इंडिया मंत्रालय के अधीन भारत सरकार के उपक्रम सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआईएल) और टाटा स्टील फाउंडेशन ने झारखंड के रांची जिले में स्थित इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई), तमाड़ में तकनीकी शिक्षा और शिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने के लिए एक समझौता (एमओए) किया है. इस एमओए पर टाटा स्टील फाउंडेशन के सीइओ सौरव रॉय और सीएमपीडीआईएल मुख्यालय, रांची के जनरल मैनेजर (एचआर व सीएसआर) संजय कदंबर ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए. दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कैप्टन अमिताभ, हेड स्किल डेवलपमेंट, डिसएबिलिटी एंड स्पोर्ट्स और सीएमपीडीआईएल मुख्यालय के जनरल मैनेजर संजय कदंबर ने हस्ताक्षरित एमओए का आदान-प्रदान किया. इस साझेदारी के तहत सीएमपीडीआईएल परियोजना ‘रांची के आईटीआई तमाड़ में बुनियादी सुविधाओं के विकास के जरिए तकनीकी शिक्षा को मजबूत करना’ के लिए 71.21 लाख रूपये की सीएसआर सहायता प्रदान करेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस परियोजना का क्रियान्वयन टाटा स्टील फाउंडेशन करेगा और यह मार्च 2028 तक चलेगी. फिलहाल आइटीआई तमाड़ में 235 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं, जिनमें प्रथम वर्ष के 140 और द्वितीय वर्ष के 95 विद्यार्थी शामिल हैं. संस्थान के लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थी आदिवासी समुदायों से आते हैं. इस साझेदारी का उद्देश्य संस्थान के बुनियादी अवसंरचना को मजबूत करना और विद्यार्थियों के लिए तकनीक आधारित आधुनिक शिक्षण सुविधाएं विकसित करना है. परियोजना के तहत वेल्डिंग लैब में एक आधुनिक रोबोटिक वेल्डिंग मशीन लगाई जाएगी. इससे विद्यार्थियों को रोबोटिक वेल्डिंग, प्रोग्रामिंग की बुनियादी जानकारी, वेल्डिंग के विभिन्न पैरामीटर और सुरक्षित संचालन प्रक्रियाओं सहित आधुनिक वेल्डिंग एवं ऑटोमेशन तकनीकों को सीखने और उनका व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. इस पहल के तहत नई बेंच, बैठने की बेहतर व्यवस्था और डिजिटल इंटरैक्टिव लर्निंग पैनल लगाकर कक्षाओं की सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा. इसके अलावा, कंप्यूटर लैब को नए कंप्यूटर सिस्टम, वर्कस्टेशन और अन्य जरूरी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से सीखने के बेहतर अवसर मिल सकें. इस साझेदारी पर अपने विचार साझा करते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन के सीइओ सौरव रॉय ने कहा कि युवाओं को कौशल प्रदान करने और उन्हें आजीविका के लिए तैयार करने में तकनीकी शिक्षा की अहम भूमिका है. सीएमपीडीआईएल के साथ इस साझेदारी के जरिए हम आईटीआई तमाड़ में शिक्षण के माहौल को बेहतर बनाने और खासकर आदिवासी समुदायों के विद्यार्थियों को तकनीक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की उम्मीद करते हैं. हम इस साझेदारी को महत्वपूर्ण मानते हैं और एक ऐसा अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में काम करने के लिए उत्सुक हैं, जहां युवा पूरे आत्मविश्वास के साथ सीख सकें और आगे बढ़ सकें. परियोजना की प्रगति पर नजर रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि उपलब्ध कराई गई सहायता का उपयोग तय उद्देश्यों के अनुरूप प्रभावी ढंग से हो, नियमित निगरानी और रिपोर्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी. इसके साथ ही, जिन सुविधाओं को इस सहयोग से बेहतर बनाया जाएगा, वहां सीएमपीडीआईएल को उचित ब्रांडिंग और मान्यता भी दी जाएगी. यह साझेदारी गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा तक युवाओं की पहुंच बढ़ाने, उन्हें रोजगार और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करने तथा आत्मनिर्भर और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सीएमपीडीआईएल और टाटा स्टील फाउंडेशन की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है.












